- छबील में लगे भिंडरावाला और अमृतपाल सिंह के पोस्टरों पर हुए विवाद के मामले में हु्ई बैठक
- अंतरराष्ट्रीय एंटी खालिस्तान फ्रंट के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने की शिरकत
संवाद न्यूज एजेंसी
निसिंग (करनाल)। कतलाहेड़ी बस अड्डे पर बीते दिनों छबील के आयोजन में लगे भिंडरावाला और अमृतपाल सिंह के पोस्टरों पर हुए विवाद पर बुधवार को निसिंग स्थित श्री सनातन धर्म शिव मंदिर में ग्रामीण एकत्रित हुए। इस मौके पर अंतरराष्ट्रीय एंटी खालिस्तान फ्रंट के राष्ट्रीय अध्यक्ष गुरसिमरन सिंह मंड ने कहा कि खालिस्तान न कभी बना था, न कभी बनेगा और न कभी बनने देंगे।
बुधवार को हिंदू वाहिनी के जिला अध्यक्ष कुलदीप राणा गोंदर की अध्यक्षता में हुई बैठक के दौरान अंतरराष्ट्रीय एंटी खालिस्तान फ्रंट के राष्ट्रीय अध्यक्ष गुरसिमरन सिंह मंड ने कतलाहेड़ी बस स्टैंड पर छबील के दौरान भिंडरावाला और अमृतपाल सिंह के पोस्टर को लेकर उपजे विवाद की निंदा की। उन्होंने कहा कि हमारा खालिस्तान से कोई लेना देना नहीं, क्योंकि हिंदू, मुस्लिम, सिख और ईसाई आपस में भाई हैं। उन्होंने कहा कि खालिस्तानी एजेंडा मुख्य रूप से विदेशों से आ रहा है और आईएसआई समर्थित खालिस्तानी तत्वों के सुरक्षित ठिकाने बन चुके हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोग सामाजिक एवं धार्मिक कार्यों की आड़ में भाईचारा बिगाड़ने का कार्य कर रहे हैं। शासन एवं प्रशासन सख्त कार्रवाई करें। मौके पर पूर्व सरपंच राजिंद्र राणा, रविंद्र उर्फ धोली,रिंकल, जोनी,नीरज गुनियाणा, अनिल व रमन सहित अन्य मौजूद रहे।
विवाद में घायल परिवार से मिले, परिवार बोला-हमसे कोई समझौता नहीं
अंतरराष्ट्रीय एंटी खालिस्तान फ्रंट के राष्ट्रीय अध्यक्ष गुरसिमरन सिंह मंड राहड़ा गांव निवासी घायल मुकुल और उनकी पत्नी माधुरी का हालचाल जानने पहुंचे। मुकुल ने बताया कि कतलाहेड़ी गांव और बांसा के ग्रामीणों में छबील के दौरान उपजे विवाद पर समझौता हो गया है, लेकिन उनका कोई समझौता नहीं हुआ है। उन्हें काफी चोट पहुंचाई गई। वह कार्रवाई की मांग करेंगे।