क्लर्क की परीक्षा को लेकर बसों में भीड़ होने से बस की छत पर बैठे एक युवक को करनाल-कैथल रोड स्थित राइस मिलों के पास तार के छू जाने के कारण करंट लग गया। इससे वह बेहोश हो गया। युवक हिसार का रहने वाला था। उसे अस्पताल लाया गया, लेकिन हालत गंभीर देखते हुए चिकित्सक ने उसे कल्पना चावला राजकीय मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। यह घटना सोमवार शाम की है। करीब 25 वर्षीय युवक अमित जिला हिसार का रहने वाला है। बस चालक राजेंद्र ने बताया कि करनाल बस स्टैंड से चले थे तो कोई भी सवारी बस की छत पर नहीं बैठी थी। गांव कुचपुरा के पास बस अचानक बंद हो गई थी। इसको ठीक करने में कुछ समय लगा। उसके बाद बस को लेकर निसिंग की ओर जा रहे थे तो बस के ऊपर से छत थपथपाने की आवाज आई। उन्होंने बस रोक कर ऊपर जाकर देखा तो एक युवक बेहोशी की हालत में था। उसके पास बैठी एक अन्य सवारी से पूछा तो उसने बताया कि बीच रास्ते में आई तार के कारण इसको करंट लग गया है। इसको उपचार के लिए निसिंग सीएचसी में लाया गया। एमओ डॉ. विकास गर्ग का कहना है कि करीब 25 वर्षीय युवक अमित के माथे पर बने निशान को देखने से लग रहा था कि करंट लगा है। जिसकी हालत गंभीर देखते हुए प्राथमिक उपचार देने के बाद कल्पना चावला राजकीय मेडिकल कालेज व अस्पताल करनाल रेफर कर दिया है।