हरियाणा के करनाल शहर की एक कॉलोनी निवासी एक नाबालिग लड़की की शादी उसकी मां ने बीती 17 अप्रैल को पानीपत निवासी युवक के साथ शादी करवा दी। जब इस बात का पता लड़की के पिता को चला तो इसकी शिकायत बाल कल्याण समिति को दी।
समिति ने बाल विवाह निषेध अधिकारी को इसकी सूचना दी। इसके बाद लड़की की मां से उसकी उम्र के दस्तावेज मांगे गए हैं, जिससे तय किया जा सके कि लड़की नाबालिग या बालिग। जिसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
जिला महिला एवं बाल विवाह निषेध अधिकारी सविता राणा ने बताया कि सीडब्ल्यूसी के माध्यम से बाल विवाह की सूचना मिली थी। जिसके बाद वह टीम सहित मौके पर पहुंचीं। जहां अभिभावकों ने बताया कि उनकी लड़की अपने मामा के घर गई है।
टीम ने सख्ती से पूछा तो शादी की बात बता दी। पिता ने बताया कि वह और पत्नी मनमुटाव के चलते अलग हो गए हैं। इस शादी से उसकी दो बेटियां हैं। पत्नी ने दूसरा विवाह कर लिया। दूसरी शादी से उसे दो बेटे हैं। पत्नी ने बड़ी बेटी की शादी करवा दी है। जिसकी उम्र महज 15 साल है।
बेटी ने किया पिता को फोन
पिता की शिकायत के आधार पर दोनों पक्षों को लड़का एवं लड़की के उम्र के दस्तावेज पेश करने के लिए कहा गया। उन्हें महिला थाना स्थित जिला महिला एवं बाल विवाह निषेध विभाग के कार्यालय में बुलाया गया है।
लड़की नाबालिग पाई जाती है तो पॉक्सो सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज कराया जाएगा। नाबालिग के पिता ने बताया कि उसे बेटी का कॉल आया था। उसने बताया कि मां ने 17 अप्रैल को उसकी जबरदस्ती शादी करा दी है, वह वहां नहीं रहता चाहती है।