निसिंग के गांव औगंद में 25 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थिति में मौत होने का मामला सामने आया है। युवक खेत में मजदूरी करता था। परिजनों ने खेत के मालिकों पर ही उसके साथ मारपीट करने का आरोप लगाया है जिस कारण उसकी मौत हो गई। युवक के शव का बोर्ड द्वारा पोस्टमार्टम करवाया गया है। पुलिस परिजनों की शिकायत के बाद मामले की जांच में जुट गई है।
जानकारी के अनुसार, गांव औंगद निवासी 25 वर्षीय अनिल एक जमींदार के खेत में करीब एक साल के लिए मजदूरी पर लगा था। अभी उसे नौ माह ही हुए थे। बताया जा रहा है कि वह सोमवार को खेत में काम पर गया था। दोपहर करीब 12 बजे अनिल बेसुध हालत में घर से करीब 200 मीटर दूर वाल्मीकि मंदिर के बाहर पड़ा हुआ मिला। सूचना मिलने पर परिजन उसे वहां उसे उठाकर घर ले आए। जब परिजन उसे लाए तो उसका गला और मुंह सूजा हुआ था, उसका बोल भी नहीं पा रहा था। करीब पांच घंटे घर रखकर उसे शाम छह बजे परिजन कल्पना चावला मेडिकल कॉलेज में आए। जहां सोमवार रात करीब दो बजे इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
दो साल पहले हुई थी शादी
मृतक के बड़े भाई सेठी ने बताया कि उसके भाई अनिल की शादी दो साल पहले पंजाब में हुई थी। उसका एक वर्ष का बेटा गुरुचरण है। उन्होंने कहा कि उन्हें पुलिस प्रशासन से न्याय चाहिए। ऐसे में आरोपियों को सजा होनी चाहिए।
काम पर लेट जाने के कारण मारपीट का आरोप
परिजनों ने बताया कि करीब एक साल से अनिल खेत में मजदूर के रूप में काम कर रहा था। कुछ दिन पहले अनिल के चाचा का निधन हो गया था। रिश्तेदारों का आना-जाना लगा हुआ था। अनिल के पास काम के लिए फोन आ रहे थे। अनिल कल काम पर थोड़ा लेट हो गया। खेत में काम पर लेट होने के कारण उसके साथ मारपीट की गई। उसे दोपहर को मंदिर के पास छोड़कर चले गए। उपचार के लिए उसे अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां उसकी मौत हो गई।
एक युवक की मौत की सूचना मिली थी। जिसके बाद वे टीम सहित मौके पहुंचे और शव को अपने कब्जे में लेकर मंगलवार को बोर्ड से पोस्टमार्टम करवाया। शव को परिजनों को सौंप दिया गया है। मृतक की पत्नी ने गांव के जमींदार पर मारपीट का आरोप लगाया है। जिस पर अभी जांच चल रही है।
- अजैब सिंह, थाना प्रभारी, निसिंग।