हवन में आहुतियां डालते पर्यावरण संरक्षण समिति के सदस्य। स्वयं
करनाल। अंतरिक्ष में भारत का परचम लहराने वाली डॉ. कल्पना चावला की 23वीं पुण्यतिथि पर पर्यावरण संरक्षण समिति ने सेक्टर-13 में हवन का आयोजन किया। मंत्रोच्चारण के बीच समिति सदस्यों ने आहुतियां डालकर दिवंगत आत्मा की शांति और मानव कल्याण की कामना की। समिति के चेयरमैन एसडी अरोड़ा ने कहा कि डॉ. कल्पना चावला केवल एक वैज्ञानिक नहीं, बल्कि करोड़ों बेटियों की प्रेरणा थीं। उन्होंने अंतरिक्ष में पहुंचकर भारत का नाम विश्व पटल पर स्वर्ण अक्षरों में अंकित किया। वाइस चेयरमैन राम रतन अत्री ने कहा कि जिले की धरती पर जन्मी कल्पना चावला ने यहीं से शिक्षा प्राप्त कर नासा तक का सफर तय किया। कार्यक्रम में विनोद गुप्ता, बाबू राम शर्मा, पुष्पा सिन्हा, शशी आर्या आदि मौजूद रहे। ब्यूरो