- हिसार में 27 से 31 जुलाई तक आयोजित हुई राज्य स्तरीय जूनियर चैंपियनशिप
संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। राज्यस्तरीय जूनियर मुक्केबाजी प्रतियोगिता में कैथल के मुक्केबाज छाए। इन मुक्केबाजों ने प्रतियोगिता में पांच पदक जीते। इसमें दो स्वर्ण, दो रजत और एक कांस्य पदक हासिल किया।
कोच अमरजीत सिंह ने बताया कि हिसार में 27 से 31 जुलाई तक आयोजित हुई राज्य स्तरीय जूनियर महिला व पुरुष मुक्केबाजी प्रतियोगिता करवाई गई थी। जिसमें कैथल की 12 खिलाड़ियों ने विभिन्न भार वर्ग में हिस्सा लिया था।
इस प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करते हुए महिला खिलाड़ी पायल ने 48 किलोभार वर्ग में स्वर्ण पदक, जैस्मीन ने 60 किलोभार वर्ग में स्वर्ण, खुशी ने 50 किलोभार वर्ग में रजत, जन्नत ने 52 किलोभार वर्ग में रजत और निष्ठा तंवर ने 46 किलोभार वर्ग में कांस्य पदक जीता।
इस मौके पर जिला खेल एवं युवा कार्यक्रम अधिकारी राजरानी ने पदक जीतने वाली सभी महिला मुक्केबाजों को बधाई दी। इस मौके पर कोच राजेंद्र सिंह, गुरमीत सिंह, अमरजीत, विक्रम ढुल सहित अन्य मुक्केबाज मौजूद थे।