संवाद न्यूज एजेंसी
करनाल। करनाल क्रिकेट एसोसिएशन की ओर से आयोजित हॉट वैदर प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबले में कबीर इलेवन टीम ने शुभम सनसाइजर को 26 रन से हरा दिया। इस मैच में शुभम भारद्वाज 100 रन बनाकर व पांच विकेट लेकर मैन ऑफ द मैच रहे, वहीं पूरी प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करके अर्श कबीर मैन ऑफ द सीरीज बने।
मेरठ रोड स्थित राणा ब्रदर्स अकादमी में शुक्रवार को शुभम सनसाइजर व अर्श इलेवन टीम के बीच प्रतियोगिता का फाइनल मैच हुआ। शुभम ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी की। अर्श कबीर टीम ने निर्धारित 40 ओवर में 200 रन का लक्ष्य रखा। जवाब में शुभम सनसाइजर टीम 38.2 ओवर में 10 विकेट खोकर 174 रन ही बना पाई।
शुभम सनसाइजर के शुभम भारद्वाज 97 गेंदों में 100 रन की शतकीय पारी खेलकर नाबाद रहे। शुभम ने अपनी पारी में 13 चौके व दो छक्के लगाए। कोच सतीश राणा ने बताया कि इस हॉट वैदर प्रतियोगिता में कुल 16 मैच हुए। अर्श कबीर ने फाइनल समेत चार मैच जीतकर प्रतियोगिता में दबदबा बरकरार रखा।
सचिव अजय कुमार गुप्ता ने बताया कि करनाल क्रिकेट एसोसिएशन द्वारा खिलाड़ियों की प्रतिभा को तराशने के लिए समय-समय क्रिकेट प्रतियोगिताएं करवाई जाती है। हरियाणा अंतर जिला क्रिकेट प्रतियोगिता 2024-25 के लिए विभिन्न आयु वर्गों के खिलाड़ियों के ट्रायल लिए गए हैं, जिनका परिणाम जल्द ही घोषित कर दिया जाएगा।