- श्री जगदंबा देवी पंखा दंगल कमेटी की ओर से आयोजित वार्षिक दंगल का समापन
संवाद न्यूज एजेंसी
करनाल। श्री जगदंबा देवी पंखा दंगल कमेटी की ओर से आयोजित 73वें वार्षिक दंगल का रविवार को समापन हो गया। तीन दिन तक चले दंगल में गुर्ज जीतने वाले कुश्तियों में पहलवानों ने दम दिखाकर दर्शकों को रोमांचित किया। गुर्ज की कुश्ती जींद के पुष्पेंद्र नेवी ने जीती। फाइनल मुकाबलों में 75 किलोग्राम भार वर्ग में सुशील, 55 किलोग्राम में आकाश, 65 किलोग्राम में अक्षय, 45 किलोग्राम में रोहित व 85 किलोग्राम भार वर्ग में पुष्पेंद्र विजेता बने।
समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में हिसार के सांसद बृजेंद्र सिंह ने शिरकत की। कमेटी की ओर से प्रधान रामधन कांबोज ने अन्य पदाधिकारियों सहित सांसद को पगड़ी भेंट कर व स्मृति चिह्न देकर अभिनंदन किया गया। सांसद बृजेंद्र सिंह ने कई कुश्तियों की शुरुआत करवाते हुए पहलवानों से परिचय प्राप्त किया। उन्होंने कहा कि कुश्ती दंगल हरियाणा की माटी से जुड़ा खेल है।
श्री जगदंबा देवी पंखा दंगल कमेटी हर वर्ष दंगल का आयोजन करवा कर हरियाणा के पारंपरिक खेल को संरक्षित किए हुए है। इसके लिए समिति की पूरी टीम बधाई की पात्र है। सांसद ने कहा कि हरियाणा के खिलाड़ियों ने हाल ही में एशियाई खेलों में सबसे ज्यादा पदक देश के लिए जीते। यह गर्व की बात है। हरियाणा ने देश को महान खिलाड़ी दिए हैं। खेलों को हमें अपने जीवन का हिस्सा बनाना चाहिए। सांसद ने विजेता पहलवानों को सम्मानित भी किया। इस अवसर पर प्रधान रामधन कांबोज, वरिष्ठ उपप्रधान रामचंद्र पाला पहलवान, महासचिव फूल सिंह, रिंकल रोड़, गोपीनाथ शर्मा, रामकिशन, इलम सिंह, एडवोकेट नरेंद्र, सुमित चौधरी, गगन चौधरी, ललित चौधरी व बलवान लाठर आदि मौजूद रहे।