संवाद न्यूज एजेंसी
मूनक (करनाल)। लोक निर्माण विभाग में जेई के पद पर नियुक्त गगसीना निवासी दीपक संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गया। जिसकी परिजनों ने मूनक थाने में शिकायत दी थी। मंगलवार को जेई की कार कैथल रोड स्थित पश्चिमी यमुना नहर किनारे उसकी साइट से बरामद हुई। कार की ड्राइवर साइड का शीशा टूट था। परिजनों का ये भी कहना है कि उसके पास बैग में बड़ी रकम थी, जबकि मौके पर बैग खाली मिला है, कुछ रुपये वहां बिखरे पड़े थे।
मौके पर पहुंची पुलिस, एफएसएल टीम ने साक्ष जुटाए। दूसरी ओर गुस्साए ग्रामीणों ने गगसीना- सटौंडी मार्ग पर शाम को जाम लगा दिया और जेई की जल्द तलाश करने की मांग की। ग्रामीणों ने पुलिस को चेतावनी दी कि जब तक जेई को खोज नहीं लिया जाता, तब तक वे सड़क पर डटे रहेंगे। रात तक ग्रामीण जाम लगाए हुए थे।
जानकारी के अनुसार गगसीना निवासी दीपक करनाल के लोक निर्माण विभाग में जेई के पद पर कार्यरत है। करनाल से घोघड़ीपुर जाने वाली नहर की पटरी पर जो सड़क बन रही है, वह उसी की देखरेख में बन रही थी। सोमवार सुबह वह पंचकूला किसी ठेकेदार की पेमेंट लाने की बात कहकर घर से निकला था। परिजनों ने बताया कि दीपक का सोमवार शाम करीब आठ बजे फोन आया कि वह करनाल पहुंच गया है। थोड़ी देर में घर पहुंच जाएगा। उसके साथ उसके दोस्त भी हैं, उनके लिए भी खाना बना लेना। जब नौ बजे तक दीपक घर नहीं आया और फोन बंद आने लगा तो परिजनों ने उसकी काफी जगह तलाश की लेकिन कोई सुराग नहीं लगा। देर रात परिजनों ने मूनक थाने में शिकायत दी।
मौके पर गिरे मिले कुछ रुपये
परिजनों ने बताया कि बीती रात से दीपक की तलाश कर रहे हैं, लेकिन न तो उसका फोन मिल रहा है न ही अब तक उसकी अंतिम लोकेशन का पता चल पाया है। परिजनों का ये भी कहना है कि उसके पास बैग में बड़ी रकम थी, जबकि मौके पर बैग खाली मिला है, कुछ रुपये वहां बिखरे पड़े थे। मंगलवार दोपहर पुलिस ने उन्हें सूचना दी थी कि दीपक की गाड़ी कैथल रोड स्थित नहर पर बरामद हुई है। दीपक की किसी से दुश्मनी नहीं थी।
पुलिस को सूचना मिली थी कि जेई दीपक की कार नहर किनारे उसकी साइट पर खड़ी है। मौके पर जांच की तो कार का एक शीशा टूटा था। वहीं जांच के लिए एफएसएल की टीम व सीआईए की टीम भी पहुंची थी। पुलिस दीपक की तलाश में जुटी है। पहलू पर गहनता से जांच की जा रही है।
मुकेश, थाना प्रभारी, मूनक
जेई के लापता होने के बाद मुनक में जाम लगाते ग्रामीणों को समझाते डीएसपी।