- प्रेमिका और पहलवान पी रहे थे शराब, पति को खाना नहीं दिया तो भड़का गुस्सा
संवाद न्यूज एजेंसी
करनाल। एक सप्ताह पहले हुई पहलवान की मौत के मामले में पुलिस ने नया खुलासा किया है। संगोहा गांव स्थित घर में पहलवान और उसकी प्रेमिका शराब पी रहे थे। इसी दौरान प्रेमिका के पति ने खाना मांगा तो महिला ने नहीं दिया। जिसके बाद पति भड़क गया और उसने डंडे से पत्नी के प्रेमी के सिर में वार कर दिया। बाद में जब पता चला कि पहलवान की मौत हो गई है तो दंपती ने सबूत मिटाने का प्रयास किया।
इसके बाद पुलिस से बचने के लिए महिला ट्रेन में बैठकर दूसरी जगह जाने लगी तो पुलिस ने मोबाइल की लोकेशन के आधार पर उसे अंबाला रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार कर लिया था। पति को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। वारदात में शामिल डंडा भी पुलिस ने बरामद किया।
अंबाला छावनी जीआरपी थाना पुलिस के अनुसार सीआईए करनाल की तरफ से सूचना मिली थी कि हत्या की आरोपी एक महिला ट्रेन नंबर 12471 मुंबई-कटरा स्वराज एक्सप्रेस में सफर कर रही है। उसकी लोकेशन फोन के माध्यम से जुटाई गई है। इसलिए ट्रेन को स्टेशन पर अतिरिक्त समय तक रुकवाने के लिए रेलवे अधिकारियों से मंत्रणा की गई। ट्रेन शनिवार शाम चार बजे जब प्लेटफार्म चार पर पहुंची तो जीआरपी ने सभी कोच को खंगालना शुरू कर दिया।
इसी दौरान आरोपी महिला पुलिस की चेकिंग को देखकर ट्रेन से उतर गई और चुपचाप एक कोने में जाकर बैठ गई ताकि ट्रेन के चलते ही दोबारा कोच में सवार हो सके, लेकिन शक के आधार पर जब उससे पूछताछ की गई और व्हाट्सएप पर आई फोटो से मिलान किया गया तो यह वांछित आरोपी महिला ही निकली। इसके बाद महिला कर्मचारियों की मदद से महिला को काबू किया गया।
शाहपुर गांव निवासी 34 वर्षीय कृष्ण का शव मंगलवार देर शाम को उसकी प्रेमिका जरीना खान उर्फ रानी के घर मिला था। कृष्ण अपनी प्रेमिका से ही मिलने गया था। इसी दौरान प्रेमिका के पति ने कृष्ण के सिर पर डंडे से वार करके उसकी हत्या कर दी थी। इसके बाद प्रेमिका ने कृष्ण के परिजनों को फोन करके हादसा होने और उसे घर से ले जाने को कहा। काफी देर तक कोई नहीं आया तो प्रेमिका शव के पास अपने मानसिक रूप से कमजोर पति कर्मजीत को छोड़कर घर से फरार हो गई थी। पुलिस ने घर से शव बरामद किया। पुलिस ने बताया कि हत्या के बाद सबूत मिटाने के प्रयास किए गए। सदर थाने की रंबा चौकी पुलिस ने जरीना खान उर्फ रानी के खिलाफ हत्या की धाराओं में केस दर्ज किया है।
महिला और उसका प्रेमी पहलवान घर में बैठकर शराब पी रहे थे। इसी दौरान महिला के पति ने खाना मांगा तो नहीं दिया। पति ने गुस्से में आकर पहलवान के सिर में डंडा मारकर हत्या कर दी। महिला को 201 और पति को हत्या करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है।
मोहनलाल, प्रभारी सीआई-टू करनाल