करनाल। सेक्टर-13 स्थित कैंप कार्यालय में आयोजित जनसुनवाई में विधायक जगमोहन आनंद ने क्षेत्रवासियों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान नागरिकों ने सड़क, बिजली, पेयजल और अन्य जनसुविधाओं से जुड़े मामलों को उठाया। विधायक ने शिकायतों और सुझावों को सुनने के बाद संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए मामलों के शीघ्र समाधान पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि जनसमस्याओं का समयबद्ध समाधान प्रशासन की प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि करनाल के विकास और नागरिकों की सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने केंद्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने पर भी जोर दिया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में लोग अपने आवेदन लेकर पहुंचे और विभिन्न विकास कार्यों से जुड़े सुझाव भी दिए। विधायक ने भरोसा दिलाया कि जनहित से जुड़े मामलों का प्राथमिकता के आधार पर समाधान कराया जाएगा। ब्यूरो