संवाद न्यूज एजेंसी
कुंजपुरा। बाढ़ का पानी वीरवार को कुंजपुरा तक पहुंच गया। क्षेत्र के 10 गांव सहित कुछ डेरों को भी चपेट में ले लिया। मंगलवार की रात से ही कुंजपुरा की तरफ पानी बढ़ना शुरू हो गया था, जो वीरवार की सुबह बड़ा गांव, जड़ौली, नेवल, कुंजपुरा, मोदीपुर, नेवल, मुगल माजरा और शेरगढ़ टापू के अलावा दर्जनों डेरों तक पहुंच गया। कुंजपुरा सैनिक स्कूल फिलहाल पानी से बचा है।
हरियाणा-यूपी सीमा पर बसा शेरगढ़ टापू गांव चारों ओर से पानी से घिर गया है। यहां बनी पुलिस पोस्ट यमुना रिंग बांध पर बनी होने से अभी सुरक्षित है। यमुना रिंग बांध ही आने-जाने का एकमात्र रास्ता बचा है। पानी की चपेट में आए दर्जन भर गांवों की हजारों एकड़ भूमि में खड़ी धान एवं अन्य फसलें बर्बाद हो चुकी हैं। पशुओं के लिए चारे का संकट खड़ा हो गया है। कुंजपुरा कलवेहड़ी रोड पर बनी गोशाला तक भी पहुंचने की संभावना है, जहां करीब 600 गोवंश हैं। पानी का बहाव नहीं रुका तो शुक्रवार तक यहां भी पानी पहुंच जाएगा। कुंजपुरा की मुख्य सड़क के साथ ही बजीदपुर एवं नली खुर्द सहित अन्य कई गांव भी चपेट में आ जाएंगे। बीडीपीओ आस्था गर्ग एवं पंचायत अधिकारी सुभाष ने बताया कि खाद्य सामग्री एवं अन्य व्यवस्था के लिए सरपंचों से सहयोग लिया जा रहा है।
विधायकों, उपायुक्त और एसपी ने किया गांवों दौरा
करनाल। घरौंडा विधायक हरविंद्र कल्याण, इंद्री विधायक रामकुमार कश्यप, उपायुक्त और एसपी ने वीरवार को गंजोगढ़ी, मरगैन, नगला चैक, मोहदीनपुर, चुंडीपुर, डबरकी खुर्द, कुंजपुरा, मुगलमाजरा, बड़ागांव, संगोहा का दौरा किया। माखुमाजरा में आबादी में भरे पानी को निकालने का निर्देश दिया। गंजोगढ़ी से गुजर रही ड्रेन और मेरठ रोड पर गांव शेखपुरा से नंगला चौक तक सभी पुलिया की सफाई का निर्देश दिया। ब्यूरो
एडवाइजरी का करें पालन : एसपी
पुलिस और जिला प्रशासन ने एडवाइजरी जारी की है, जिसका आमजन पालन करें। किसी भी मदद के लिए टीमों से तत्काल संपर्क करें।
- शशांक कुमार सावन, एसपी
सब मिलकर करें सहयोग : कल्याण
प्राकृतिक आपदा के समय समाज के सभी लोग मिलकर सहयोग करें। सभी सावधानी बरतें। नीचे स्थानों पर रह रहे लोग ऊंचे स्थानों पर व्यवस्था करें।
- हरविंद्र कल्याण, विधायक, घरौंडा
हालात पर लगाकर नजर : कश्यप
गांव-गांव जाकर हालात पर लगातार नजर रखी जा रही है। खाने की सामग्री व पानी पहुंचाया जा रहा है। स्वास्थ्य विभाग की टीम भी तैनात की गई है।
- रामकुमार कश्यप, विधायक, इंद्री
हेल्पलाइन नंबर जारी, 01748-250020 पर करें संपर्क
घरौंडा। बाढ़ का पानी घरौंडा आने की संभावना है। एसडीएम कार्यालय में नियंत्रण कक्ष बनाया गया है। हेल्पलाइन नंबर 01748-250020 जारी किया गया है, इसके साथ ही पुलिस हेल्पलाइन नंबर 112 पर भी कॉल की जा सकती है। संवाद