- केंद्र सरकार ने शुरू की भारत नेट परियोजना, बीएसएनएल देगा कनेक्शन
माई सिटी रिपोर्टर
करनाल। जिले की प्रत्येक ग्राम पंचायत में अब लोगों को इंटरनेट सुविधा भी मिलेगी। पंचायत की ओर से मुख्य 10 सार्वजनिक स्थानों को चुना जाएगा, जहां पर इंटरनेट सुविधा प्रदान की जाएगी। भारत सरकार की ओर से गांवों में इंटरनेट की सुविधा उपलब्ध करवाने व डिजिटल इंडिया को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से भारत नेट परियोजना को शुरू किया गया है। इसी के तहत बीएसएनएल की ओर से यह सुविधा दी जाएगी।
परियोजना को लेकर वीरवार को मुख्य सचिव संजीव कौशल ने वीसी के माध्यम से उपायुक्त के साथ समीक्षा की। उन्होंने कहा कि भारत नेट परियोजना सरकार की महत्वपूर्ण योजना है। उपायुक्त को निर्देश दिए कि वे अपने-अपने जिलों में बीएसएनएल के अधिकारियों को प्रत्येक ग्राम पंचायत में लगाए जाने वाले 10 इंटरनेट कनेक्शन के लिए सार्वजनिक स्थानों की सूची बनाकर जल्द सुपुर्द करें, ताकि लक्ष्य निर्धारित करके 31 मार्च तक गांवों में इंटरनेट की सुविधा प्रदान की जा सके।
उपायुक्त अनीश यादव ने बताया कि भारत नेट परियोजना के सफल क्रियान्वयन के लिए ग्राम पंचायतों में लगाए जाने वाले इंटरनेट कनैक्शन के लिए जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी, जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी, जिला शिक्षा अधिकारी सहित अन्य विभागों के अधिकारियों द्वारा अपने-अपने क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले सार्वजनिक स्थानों की सूची तैयार कर ली गई है।
ये मिलेगी सुविधा
बीएसएनएल द्वारा भारत नेट परियोजना के तहत जन सुविधाओं के लिए सार्वजनिक स्थानों पर इंटरनेट सुविधा दी जाएगी। इन स्थानों में स्कूल, पुस्तकालय, पंचायत घर, आंगनबाड़ी केंद्र, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, सामुदायिक केंद्र सहित 10 सार्वजनिक स्थान शामिल हैं।
यह है उद्देश्य
इस योजना का प्राथमिक उद्देश्य मौजूदा ऑप्टिकल फाइबर नेटवर्क को पंचायत स्तर तक पहुंचाना है। सरकार ने इस नेटवर्क को दूरसंचार सेवा के लिए उपलब्ध कराया है और ग्रामीण क्षेत्रों में आवाज, डाटा और वीडियो के संचरण के लिए एक राजमार्ग के रूप में नेटवर्क की परिकल्पना की है। इस परियोजना का उद्देश्य राज्यों और निजी क्षेत्र के साथ सांझेदारी करके ग्रामीण और दूरदराज के क्षेत्रों में नागरिकों और संस्थानों को सस्ती ब्रॉडबैंड सेवाएं प्रदान करना है।