सेक्टर-सात निवासी अंतरराष्ट्रीय पैरा शूटर राजीव मलिक की दो स्पोर्ट्स राइफलों सहित 22 बोर की एक हजार गोलियां गुम हो गईं। राजीव ने एयरलाइंस पर सामान गुम करने का आरोप लगाया है। आरोप है कि राइफलें गुम होने के कारण वह यूएसए में हुई अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में भी भाग नहीं ले सके। राजीव ने भारतीय खेल प्राधिकरण नेहरू स्टेडियम नई दिल्ली के महानिदेशक के साथ दिल्ली एयरपोर्ट पर शिकायत दी है। शूटर राजीव मलिक ने दी शिकायत में लिखा है कि चार नवंबर को केएलएम फ्लाइट द्वारा शूटिंग वर्ल्ड कैप फ्रंट बिजिंग यूएसए में खेलने के लिए गए थे। दिल्ली एयरपोर्ट पर सारी प्रक्रिया पूरी करके उन्होंने 22 बोर की दो स्पोर्ट्स राइफलें और एक हजार गोलियां केएलएम एयरलाइंस के हवाले की, लेकिन जब वह यूएसए पहुंचे तो वहां उन्हें गन नहीं मिली।10 नवंबर को यूएसए से आते ही एयरपोर्ट स्थित पुलिस को शिकायत दी। राजीव का कहना है कि इस वर्ल्ड कप से भारत को एक और आरएलओ 2016 पैराओलंपिक का कोटा मिल सकता था। इसके लिए यह लास्ट चांस था। उन्होंने केंद्र के खेल विभाग से अपनी राइफल व गोलियां वापस मंगवाने की अपील की है, साथ ही दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।