पांच मार्च को रेलवे स्टेशन के पास हुए झगड़े में घायल युवक ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। बताया जा रहा है कि नाबालिग युवकों में पुरानी रंजिश थी। पांच मार्च की सुबह दस बजे अनुज अपने साथी अजय की बाइक पर राजीव कालोनी से रेलवे रोड पर जा रहा था। उनके साथ दोस्त आशीष भी था। रेलवे स्टेशन के नजदीक पहुंचते ही करीब आधा दर्जन युवकों ने उन पर हमला कर दिया। हमलावरों व अनूप ने अनुज और उसके साथी पर चाकू से हमला कर दिया था। जिसमें दोनों घायल हो गए थे। उपचार के लिए घरौंडा के सरकारी अस्पताल में भर्ती करवाया गया। अनुज की हालत गंभीर होने पर करनाल के सरकारी अस्पताल में रेफर कर दिया था जहां से परिजनों ने उसे निजी अस्पताल में भर्ती करवाया। वीरवार को अनुज ने दम तोड़ दिया। पुलिस ने छह युवकों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया था। आरोपी ने पुलिस को बताया कि लगभग एक साल पहले अनुज ने क्लास में किसी बात को लेकर उसका मजाक उड़ाया था। तभी से वह उससे रंजिश रखता था। थाना प्रभारी मोहन लाल ने बताया कि पांच मार्च को पुरानी रंजिश के चलते 5-6 युवकों ने दो नाबालिग युवकों को चाकू मारकर दिया था। जिसकी वीरवार को इलाज के दौरान मौत हो गई है। एक आरोपी गिरफ्तार कर लिया गया है।