धोखे से खाता खुलवाकर उसमें अवैध रूप से कई लाख रुपयों का लेन-देन करने का मामला सामने आया है। गांव मखुमाजरा निवासी राजिंद्र शर्मा ने सिविल लाइन थाना पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसके दोस्त सचिन ने रोबिन सिंह निवासी गांव पुंडरक से मिलवाया।
रोबिन सिंह ने उसे कहा कि उसके पैसे आने है। वह उसे दो हजार रुपये देगा और वह अपने नाम से बैंक खाता खुलवा ले। वह उसके झांसे में आ गया और उसने अपना आधार कार्ड, पैन कार्ड रोबिन को दे दिया। उसने सेक्टर-13 स्थित बैंक में एक अकाउंट खुलवाया और उसे एटीएम व पास बुक मिली। रोबिन बैंक के बाहर खड़ा था उसने उससे एटीएम व बैंक पासबुक ले ली और उसे दो हजार रुपये दे दिए। बैंक खाते में रोबिन ने अपना मोबाइल नंबर दिया हुआ था। रोबिन ने उस खाते से कई लाख रुपयों को लेन-देन किया। 29 अक्तूबर को बैंक के कर्मचारी उसके घर पर आए और उन्होंने उसे बताया कि उसके बैंक खाते में अवैध रूप से कई लाख रुपयों का लेन-देन हुआ है। जिसके बाद उसे पता लगा कि उसके साथ धोखाधड़ी हुई है। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी व खाते में अवैध रूप से लेन-देन करने के नाम पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।