करनाल। यमुना किनारे से अवैध खनन को रोकने के लिए अब ड्रोन की सहायता से रात में भी लंबी दूरी से निगरानी की जाएगी। इसके तहत शुक्रवार को उपायुक्त अनीश यादव की अगुवाई में सदरपुर गांव में पूर्वाभ्यास किया गया। ड्रोन को उस इलाके में उड़ाया गया, जहा अक्सर खनन किए जाने की शिकायत मिलती है। ड्रोन से अंधेरी रात की भी बेहतर वीडियो फुटेज प्राप्त मिली है।
उपायुक्त अनीश यादव ने बताया कि ड्रोन की निगरानी से अवैध खनन पर शिकंजा कसने में मदद मिलेगी। इसी कड़ी में गुरुवार देर रात करीब नौ बजे जिला प्रशासन करनाल की टीम यमुना से लगते सदरपुर गांव में पहुंची। यहां यमुना के क्षेत्र में ड्रोन ने सफल उड़ान भरी और उस इलाके की बिल्कुल स्टीक वीडियो फुटेज उपलब्ध करवाई।
इस वीडियो फुटेज में आसानी से न केवल व्यक्ति बल्कि वाहन को भी पहचाना जा सकता है। भविष्य में अब इस ड्रोन के माध्यम से ही अवैध खनन प्रभावित इलाके में निगरानी की जाएगी। जिलास्तरीय टास्क फोर्स कमेटी की बैठक में ड्रोन से निगरानी करने के निर्देश दिए थे। इसे अब अमल में लाने की दिशा में कार्य किया जा रहा है। पूर्वाभ्यास सफल रहा। जल्द ही इसे रूटीन में अमल लाया जाएगा।