हरियाणा राज्य पॉल्यूशन कंट्रोल बोर्ड ने वीरवार को अवैध तरीके से चलाए जा रहे ब्लीच हाउसों पर छापे मारे। इस दौरान विभाग की टीम ने गांव कैमला और हरीसिंह पुरा में दो ब्लीच हाउस सील किये। दोनों ही ब्लीच हाउस बिना विभागीय अनुमति के चल रहे थे। विभाग के एसडीओ हार्दिक कुमार ने ब्लीच हाउसों के मालिकों के खिलाफ नोटिस जारी कर कार्रवाई शुरू कर दी है। पानीपत जिले के साथ लगते घरौंडा क्षेत्र के कई गांवों में ब्लीच हाउस का धंधा खूब चल रहा है। ब्लीच हॉउस संचालक बिना एनओसी के भूमि किराये पर लेकर प्लांट चालू कर लेते हैं। इन अवैध ब्लीच हाउसों के लिए प्रदूषण विभाग से किसी तरह की अनुमति नहीं ली जाती। इतना ही नहीं ब्लीच हाउस संचालक धड़ल्ले से बड़ी मात्रा में भूमिगत जल का दोहन करते हैं और इन ब्लीच हाउस में कैमिकल युक्त पानी को साफ करने के लिए प्लांट भी नहीं लगे होते। गुरुवार को स्टेट पॉल्यूशन कंट्रोल बोर्ड की टीम ने एसडीओ हार्दिक कुमार के नेतृत्व में गांव कैमला और हरिसिंह पुरा गांव के पास चल रहे ब्लीच हाउसों में कार्रवाई की। एक्सईएन एसके अरोड़ा के अनुसार सुनील ब्लीच हाउस कैमला और सैनी ब्लीच हाउस हरिसिंह पुरा को सील कर दिया गया है। साथ ही ब्लीच हाउस के मालिक सुनील कुमार, राकेश सैनी व राजेश सैनी के खिलाफ नोटिस जारी किया गया है।