माई सिटी रिपोर्टर
करनाल। प्रदूषण की दृष्टि से शहर में तीन हॉट स्पॉट की पहचान की गई है। उपायुक्त अनीश यादव ने वीरवार को प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड व एनजीटी के आदेशों के अनुपालन को लेकर बुलाई बैठक में बताया कि यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इनमें रामलीला मैदान, आईटीआई और नमस्ते चौक शामिल हैं। इनकी पहचान प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की ओर की गई है। रामलीला मैदान में कूड़े-कचरे से पर्यावरण प्रदूषित हो रहा है, जबकि आईटीआई व नमस्ते चौक पर ध्वनि व ट्रैफिक धुएं से वातावरण प्रदूषित हो रहा है। इसे कम करने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं।
उपायुक्त ने नगर निगम के डीएमसी अरुण भार्गव को निर्देशित किया कि रामलीला मैदान से कूड़े-कचरे के डंपिंग प्वाइंट को हटा लें और यहां ठीक से सफाई करवाएं। वन विभाग की ओर से पौधे भी लगवाएं। आईटीआई और नमस्ते चौक पर अत्यधिक वाहनों से ध्वनि प्रदूषण होता है। दोनों चौकों पर जब रेड लाइट से वाहन रुकते हैं, तो वे धुएं से हवा को प्रदूषित करते हैं और हॉर्न बजाने से ध्वनि प्रदूषण भी पैदा करते हैं।
दोनों जगहों पर स्मार्ट सिटी लिमिटेड कार्यालय की ओर से वेरीएबल मैसेज डिस्प्ले बोर्ड (वीएमडीबी) के माध्यम से यह संदेश लगातार प्रसारित करवाया जाए कि चौक पर सभी चालक हरी बत्ती होने तक अपने वाहन को स्विच ऑफ करें तथा हॉर्न न बजाएं। इससे यात्रियों व राहगीरों को परेशानी होती हैं, संदेश चित्रमय होना चाहिए।
वन मंडल अधिकारी जय कुमार को निर्देश दिए कि दोनों जगहों पर प्लांटेशन करवा दी जाए, इससे भी प्रदूषण नियंत्रित करने में मदद मिलेगी। एनएचएआई के प्रतिनिधि को निर्देश दिए कि आईटीआई व बलड़ी बाईपास चौक पर कुछ पौधे और लगाए जाने हैं, इसके लिए वहां सफाई करवा दी जाए। डीएमसी अरुण भार्गव ने बताया कि नगर निगम शहर से कूड़ा-कर्कट उठान का नया टेंडर लगाने जा रहा है, जिसके तहत सभी डंपिंग प्वाइंट खत्म किए जाएंगे।