- बसताड़ा कॉलेज में मतदाता जागरूकता कार्यक्रम के तहत हुई प्रतियोगिताएं
संवाद न्यूज एजेंसी
मधुबन। राजकीय महिला महाविद्यालय बसताड़ा में एनएसएस इकाई व कानूनी साक्षरता प्रकोष्ठ के तत्वावधान में मतदाता जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन हुआ। जिसके तहत भाषण, पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता और हस्ताक्षर अभियान चलाया गया। अभियान के अंतर्गत छात्राओं ने वोट बनवाने एवं उसका सदुपयोग करने की शपथ लेते हुए हस्ताक्षर किए।
प्रतियोगिता के विषय लोकतंत्र व राजतंत्र में अंतर, लोकतंत्र में चुनाव व मताधिकार का महत्व और लोकसभा चुनाव 2024 तथा युवाओं की भूमिका रहे। जिसमें हिमांशी प्रथम, ललिता द्वितीय व संजीवनी तृतीय रहे। पोस्टर मेकिंग में शालू प्रथम, संजीवनी द्वितीय और ललिता तृतीय रहे। कार्यवाहक प्राचार्य नरेश सिंह ने छात्राओं को अपने मत के प्रति जागरूक रहने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि वोट की कीमत पहचानकर सोच समझकर अपने वोट का उचित प्रयोग करना चाहिए, क्योंकि मतदाता द्वारा किए गए मतदान से आगे आने वाली पीढ़ी का भविष्य निर्भर करता है।
एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी अनुराधा ने कहा कि एक मजबूत लोकतंत्र के लिए यह जरूरी है कि अपने मत के प्रति जागरूक हों और अपने समाज में भी इसका प्रचार व प्रसार करें। प्रकोष्ठ के संयोजक संदीप कुमार ने मंच का संचालन किया। डॉ. मीनू आनंद, पवन कुमार और अपूर्वा शर्मा ने निर्णायक की भूमिका निभाई।