अनाज मंडी में एक फर्म के मालिक ने हैफेड एजेंसी के कर्मचारी के साथ मारपीट कर उसका सरकारी रिकॉर्ड फाड़ दिया और जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने हैफेड के मैनेजर की शिकायत पर श्रीहंस ट्रेडिंग कंपनी के मालिक अमित बसंल के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया है। सरकारी खरीद एजेंसी हैफेड से मैनेजर ईश्वर सिंह ने शिकायत दी है कि गेहूं खरीद के लिए तरावड़ी मंडी में हैफेड का स्टाफ लगाया है। 20 अप्रैल को तरावड़ी मंडी में तैनात स्टाफ में से राजकुमार बारदाना देने के लिए रिकार्ड तैयार कर रहा था। उसी दौरान श्री हंस ट्रेडिंग कंपनी तरावड़ी मंडी के मालिक अमित बंसल ने कर्मचारी राजकुमार के हाथ से सरकारी रिकॉर्ड लेकर फाड़ दिया व कर्मचारी के साथ मारपीट व जान से मारने की धमकी दी। उक्त आढ़ती को 5 हजार बोरी बारदाना दिया है और उसकी खरीद लगभग 4 हजार बोरी की गई है यानि 1000 कट्टे उसके पास अतिरिक्त हैं। पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है।-संवाद