आगामी तीन दिन तक बारिश और बूंदाबांदी के आसार
माई सिटी रिपोर्टर
करनाल। वीरवार को आधे शहर में झमाझम बारिश हुई तो आधे में चिलचिलाती धूप से लोग परेशान रहे। सेक्टर नौ क्षेत्र में करीब 45 मिनट तक तेज बारिश से सड़कों पर पानी भर गया। हालांकि बारिश के बाद उमस भरी गर्मी ने लोगों को परेशान कर दिया। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार अभी 17 सितंबर तक ऐसे ही बिखराव के साथ कहीं कहीं हल्की बारिश व बूंदाबांदी की स्थिति जारी रहेगी। तापमान में हुए इजाफे से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
केंद्रीय मृदा एवं लवणता अनुसंधान संस्थान, करनाल की जिला कृषि मौसम शाखा के अनुसार वीरवार को अधिकतम तापमान 36.4 और न्यूनतम तापमान 27.2 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। यही कारण रहा कि दिन और रात की गर्मी में लोगों को बेचैनी महसूस हुई। रात्रिकालीन गर्मी बढ़ने से लोगों को नींद आने में दिक्कत आई। कूलर और पंखे में व्यर्थ नजर आए। वीरवार को सुबह से ही चिलचिलाती धूप हुई लेकिन बादलों के आवागमन के कारण धूप छांव का खेल चलता रहा।
दोपहर को हल्की बूंदाबांदी के बाद आसमान पर काले बादलों को देखकर लोगों को गर्मी से राहत की उम्मीद जगी लेकिन बादलों के बिखर जाने के कारण सेक्टर नौ, आठ आदि क्षेत्रों में करीब सवा तीन के बाद झमाझम बारिश शुरू हो गई। जो करीब चार बजे तक चलती रही। जिससे अटल पार्क व इसके आसपास की कॉलोनियों में सड़कों पर जलभराव की स्थिति उत्पन्न हो गई। वहीं, दूसरी ओर आईटीआई चौक के दूसरी ओर और शेष आधे से अधिक शहर में सिर्फ बूंदाबांदी ही हुई और तेज धूम से लोग परेशान रहे। एनडीआरआई की जिला कृषि मौसम शाखा के वैज्ञानिकों द्वारा जारी एडवाइजरी में 17 सितंबर तक बिखराव के साथ हल्की बारिश व बूंदाबांदी होने की संभावना जताई है।