संवाद न्यूज एजेंसी
करनाल। स्वास्थ्य विभाग की मलेरिया विंग सक्रिय है। ग्रामीण में 150 व शहर में 16 टीमों की ओर से घर-घर जाकर एंटी लार्वा गतिविधियां कर रही हैं। पिछले पांच माह में टीमों ने नौ लाख 53 हजार 975 घर व कंटेनरों को खंगाला। इनमें से 894 जगह लार्वा मिला और 139 को नोटिस थमाया है।
इनमें दो लाख 76 हजार 312 घर और छह लाख 77 हजार 663 कंटेनर शामिल हैं जिसमें 425 घर और 469 कंटेनरों में लार्वा मिला हैं। उप-सिविल सर्जन डॉ. अनु शर्मा ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग की ओर से प्रतिमाह चेकिंग का दायरा बढ़ाया जा रहा है। दायरा बढ़ने से लार्वा भी अधिक मिल रहा है। इससे पूर्व स्वास्थ्य विभाग की ओर से सभी नागरिक अस्पताल, सीएचसी, पीएचसी व सब सेंटर के नोडल अधिकारियों की बैठकें भी ली जा रही हैं।
एंटी लार्वा गतिविधियों की रिपोर्ट ली जा रही है। जिन लोगों को टीमों ने नोटिस थमाया है उनके घरों में 15 से 20 दिन के अंतराल के बाद फिर से टीम चेकिंग करने जाएगी। इस दौरान भी अगर उक्त घरों में लार्वा मिलता है तो उक्त लोगों के चालान किए जाएंगे। पिछले छह साल में 1426 डेंगू के केस मिल चुके हैं।
मलेरिया विंग से बॉयोलॉजिस्ट पिंकी ने बताया कि ठंड लगना, तेज बुखार, शरीर में दर्द, सिरदर्द, उल्टी, कमजोरी व अत्यधिक पसीना आना मलेरिया के लक्षण हैं। वहीं, इससे बचने के लिए घरों के आसपास गड्ढों में पानी जमा न होने दें। प्रत्येक रविवार को ड्राई डे मनाएं यानी कूलर, फूलदान, पशु व पक्षियों के पानी के बर्तनों, हौदी को अवश्य सुखाकर पानी भरें। नालियों में जमे पानी में काले तेल का छिड़काव करें। मच्छरदानी का उपयोग करें। मलेरिया का लक्षण दिखने पर तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें।
पिछले पांच माह की चेकिंग का रिकाॅर्ड
माह घर लार्वा कंटेनर लारवा नोटिस
जनवरी 24366 00 98879 00 00
फरवरी 22278 00 89553 00 00
मार्च 21971 27 91301 27 24
अप्रैल 100695 149 211508 174 23
मई 107002 249 186422 268 92
जिले में मलेरिया व डेंगू के मच्छर का लार्वा को तलाशने और उन्हें नष्ट करने के लिए टीमों का गठन किया गया है। ग्रामीण में 150 और शहर में 16 टीमें कार्य कर रही हैं। अभी तक 894 अलग-अलग स्थानों पर लार्वा मिला है। वहीं टीमों ने 139 लोगों को नोटिस भी थमाया है। - डॉ. कृष्ण कुमार, सिविल सर्जन करनाल।