संवाद न्यूज एजेंसी
करनाल। जिले में डेंगू पांव पसार रहा है। ऐसे में इससे निपटने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने तैयारी पूरी कर ली है। स्वास्थ्य विभाग की ओर से शहरी इलाके में सात टीमें गठित की गई हैं। वहीं हर सीएचसी और पीएचसी स्तर पर तीन से पांच टीमों का गठन किया है। जो घर-घर जाकर लोगों को डेंगू के प्रति जागरूक कर रहे हैं। साथ ही जहां लारवा मिल रहा है, वहां दवाई का छिड़काव किया जा रहा है और प्रत्येक घर में फॉगिंग करवाई जा रही है। स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि जिले में अब तक डेंगू के 15 केस मिले हैं, जिनमें से सिर्फ एक मरीज का इलाज चल रहा है। बाकी स्वस्थ हैं।
जिले में अभी फॉगिंग के लिए 140 लीटर दवाई और एंटी लारवा की 24 लीटर दवाई की खपत हो चुकी है। फॉगिंग के लिए 90 लीटर और एंटी लारवा के लिए 30 लीटर दवाई और मंगवाई है। जिले के सरकारी अस्पतालों में 56 बेड डेंगू के लिए रिजर्व हैं।
बुखार के मरीजों का भी होगा डेंगू टेस्ट
डिप्टी सीएमओ डॉ. अनु शर्मा ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग ने जिलेभर के सभी सरकारी व प्राइवेट अस्पतालों की ओपीडी में आने वाले बुखार के सभी मरीजों का डेंगू टेस्ट कराने का निर्देश दिया है। फिलहाल रोजाना आठ से 10 मरीजों के टेस्ट हो रहे हैं। ऐसे में रोजाना डेंगू की किट खराब हो रही है, क्योंकि एक किट में 96 मरीजों के सैंपल लगाए जा सकते हैं। जिसको देखते हुए डॉक्टरों को अधिक से अधिक बुखार से पीड़ित मरीजों के सैंपल लेने के लिए कहा गया है।
जिले में डेंगू वार्ड और बेड की स्थिति
अस्पताल वार्ड बेड
मेडिकल कॉलेज 02 20
सिविल अस्पताल 02 12
एसडीएच असंध 01 06
एसडीएच इंद्री 01 06
सीएचसी निसिंग 01 06
सीएचसी घरौंडा 01 06
कुल 08 56
जिले में मिले डेंगू मरीज
शहरी में सात, इंद्री, कुंजपुरा, तरावड़ी, निगदू, असंध, घरौंडा, बल्ला, निसिंग में एक-एक मरीज मिले हैं।
जिले में अबकी बार डेंगू की स्थिति ठीक है। अभी तक मात्र 15 केस मिले हैं। इनमें से सिर्फ एक मरीज का ही इलाज चल रहा है। अन्य सभी स्वस्थ हैं। वहीं स्वास्थ्य विभाग ने अस्पतालों में आने वाले सामान्य बुखार के मरीजों का डेंगू टेस्ट करवाने का निर्देश दिया है। जिससे अधिक से अधिक मरीजों का समय पर इलाज करवाया जा सके।
- डॉ. अनु शर्मा, डिप्टी सीएमओ, स्वास्थ्य विभाग, करनाल