पुराने बस स्टैंड के पास अग्निशमन केंद्र के सामने रविवार शाम हरियाणा रोडवेज की बस की टक्कर से बाइक सवार इंदर कुमार और सचिन कुमार की मौत हो गई। घटना के बाद गुस्साए लोगों ने बस को घेर लिया। चालक ने बस लेकर भागने की कोशिश की लेकिन करीब दो सौ मीटर दूर लोगों ने बस को घेर कर रोक लिया। वहीं, मौके से ड्राइवर भाग गया। गुस्साए लोगाें ने बस में तोड़-फोड़ की और जाम लगा दिया। पुलिस के पहुंचने पर हालात काबू में आए। आधे घंटे के बाद जाम खोला जा सका। बस में सवार सवारियों को दूसरी बस में सवार होकर जाना पड़ा। पुलिस के मुताबिक इंदर कुमार गढ़ शरनाई के और सचिन उत्तर प्रदेश के जिला बागपत के गांव नागल निवासी थे। दोनों अलीपुर खालसा स्थित फैक्टरी में नौकरी करते थे। शाम को दोनों काम से लौट रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार रविवार शाम करीब साढ़े छह बजे रोहतक डिपो की हरियाणा रोडवेज बस चंडीगढ़ से रोहतक की ओर जा रही थी। पुराने बस स्टैंड के पास अग्निशमन केंद्र के सामने घरौंडा से पानीपत की ओर जा रहे बाइक सवार युवकों को बस ने टक्कर मार दी। दोनों युवक बस के नीचे आ गए। उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद आसपास के लोग बड़ी संख्या में मौके पर एकत्रित हो गए। आक्रोशित लोगों ने सेन चौक के पास बस को घेरकर रोक लिया और तोड़फोड़ की। हरियाणा रोडवेज के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। लोगों ने सड़क पर जाम लगा दिया। इससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। करीब आधे घंटे तक सड़क पर हंगामा होता रहा। पहुंची ने मौके पर पहुंचकर जाम खुलवाया। आधे घंटे के बाद लोग सड़क से हटे और यातायात को शुरू किया जा सका। थाना घरौंडा प्रभारी दीपक ने बताया कि बस चालक की पहचान कर ली गई है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा। बस चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने और गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज करने की प्रक्रिया चल रही है।