करनाल। एथलेटिक्स हरियाणा की ओर से 24 और 25 सितंबर को रोहतक के महार्षि दयानंद विश्वविद्यालय में आयोजित 9वीं हरियाणा ओपन सीनियर एथलेटिक्स चैंपियनशिप में कर्ण नगरी के गुरू और शिष्य ने रजत पदक जीत कर जिले का नाम रोशन किया। कोच और खिलाड़ी मोहित सैनी और उनकी शिष्य श्रुति को यह कामयाबी तब मिली, जब कर्ण स्टेडियम में कुछ समय पहले तक थ्रो इवेंट पर पाबंदी लगी हटाई थी। हाल ही में पाबंदी हटने के बाद से थ्रो इवेंट के खिलाड़ियों ने लगातार पदक जीत कर पाबंदी हटाने के निर्णय को सही सिद्ध कर दिया।
एथलेटिक्स हरियाणा के महासचिव राजकुमार मिटान ने बताया कि नौंवी हरियाणा ओपन सीनियर एथलेटिक्स चैंपियनशिप में कर्ण नगरी के मोहित सैनी ने डेकाथलान इवेंट में और उनकी शिष्य श्रुति ने लांग जंप में रजत पदक जीता। दोनों ही खिलाड़ियों की जीत कई मायनों में खास है। लांग जंप खिलाड़ी श्रुति ने सीनियर वर्ग की इस प्रतियोगिता में महज 16 वर्ष एक माह की उम्र में रजत पदक जीत कर सबसे कम उम्र में पदक जीतने का रिकॉर्ड बनाया। वहीं, दूसरी ओर तीन वर्ष पहले अपना खेल अभ्यास छोड़ चुके मोहित ने कर्ण स्टेडियम में थ्रो इवेंट के अभ्यास पर पाबंदी से पहले उड़ीसा में हुए खेलो इंडिया यूथ गेम्स में कांस्य पदक जीता था। लेकिन कुछ कारणों से स्टेडियम में अभ्यास पर पाबंदी लगने के बाद मोहित ने हिम्मत नही हारी और एनआईएस की तैयारी शुरू कर दी। जिसका लाभ भी मिला और सरकारी नौकरी भी। हाल ही में उपायुक्त की निर्देश पर हटाई गई पाबंदी के बाद फिर से थ्रो इवेंट का अभ्यास शुरू करते ही खिलाड़ियों ने पदक जीत कर उपायुक्त के निर्णय को सही सिद्ध कर दिया। ब्यूरो