करनाल। गणेश चतुर्थी पर शनिवार को श्रद्धालुओं ने गाजे बाजे और गुलाल उड़ा कर गणपति बप्पा की शोभायात्रा निकाली। इसके बाद सुंदर पंडालों और घरों में उन्हें विराजमान कर आरती की गई। पहले दिन लड्डुओं का भोग लगाया गया। शनिवार सुबह से ही जीटी रोड, मेरठ रोड और मुगल कैनाल से श्रद्धालु अपने-अपने बप्पा को लेने पहुंच गए थे।
दुकानदारों से गणेश जी की मूर्ति और प्रतिमा खरीद कर श्रद्धालुओं ने पूजा और आरती की। इसके बाद चेहरे को कपड़े से ढककर अपने-अपने वाहनों में नाचते हुए पंडाल में ले गए। मित्र मंडल वकीलपुरा के श्रद्धालुओं ने शनिवार शाम को सदर बाजार के झारखंडी मंदिर से गणेश जी की प्रतिमा के साथ शोभायात्रा निकाली। शोभायात्रा में सदस्यों के साथ बच्चों, महिलाओं और युवतियों ने रंग गुलाल लगा सभी को बधाई दी और भजनों पर नाचते नजर आए।
गणपति सेवा समिति ट्रस्ट के श्रद्धालु चेतन और चंद्र ने बताया कि शाम को जीटी रोड से बप्पा की एक प्रतिमा और मूर्ति लेकर आरती की गई और प्रसाद वितरण कर रथ में बप्पा को विराजमान कर पैदल जवाहर मार्केट पहुंचकर सुंदर पंडाल में गणेश जी की प्रतिमा और मूर्ति की स्थापना कर आरती की गई।
जनकपुरी युवा क्लब के प्रधान अश्वनी और सदस्य जीटी रोड पर विशाल बप्पा की प्रतिमा को गाजे बाजे के साथ गोशाला रोड पहुंचे और पंडाल में बप्पा को विराजमान कर आरती की। 10 दिन सुबह और शाम चलने वाली आरती के बाद 17 सितंबर को गाजे बाजे के साथ विसर्जन किया जाएगा।
हनुमान गली के श्रद्धालु अमरजीत मित्तल और अन्य सदस्यों ने हनुमान गली से गणेश जी की शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा में शामिल श्रद्धालु गणपति बप्पा मोरया की जय जयकार करते रहे। शोभायात्रा हनुमान गली से चलकर जैन मंदिर, शिव मंदिर, सराफा बाजार से होते हुए वापस हनुमान गली में पहुंचे जहां पंडाल में बप्पा को विराजमान कर आरती की गई। सराफा बाजार के श्री गणेश महोत्सव मंडल की ओर से शनिवार शाम को पंडाल में गणेश जी की प्रतिमा को विराजमान कर आरती की गई।