-पीडब्ल्यूडी विभाग ने साधा मौन, नहीं थम रहा ग्रिल चोरी होने का सिलसिला
संवाद न्यूज एजेंसी
कुरुक्षेत्र। धर्मनगरी की शान कहे जाने वाले वीआईपी रोड के डिवाइडर से लाखों की ग्रिल चोरी हो चुकी है। इस संबंध में विभाग की ओर से शिकायत देने के बाद कार्रवाई नहीं की गई है। जिससे चोरों के हौसले बढ़ रहे हैं। इसके अलावा शहर के सर्किट हाउस से लेकर ब्रह्मसरोवर तट तक जगह-जगह से ग्रिलें चोरी होने के कारण शहर के सुंदरीकरण पर भी प्रभाव पड़ रहा है। इस संबंध में पीडब्ल्यूडी विभाग के एक्सईएन का कहना है कि दोबारा ग्रिल लगाई जाएगी बल्कि यह चोरी न हो, इसका भी प्रबंध किया जाएगा।
जानकारी के अनुसार कुछ साल पहले शहर को दिल्ली-चंडीगढ़ नेशनल हाईवे से जिंदल चौक होते हुए पवित्र ब्रह्मसरोवर तक मिलाने वाले वीआईपी रोड को चकाचक किया गया था। सड़क के बीच में डिवाइडर पर आकर्षक ग्रिल भी दोनों ओर लगाई गई थी। इससे हादसों में भी कमी आई थी। अब सर्किट हाउस से लेकर ब्रह्मसरोवर तक लगी ग्रिल कई जगह से चोरी की जा चुकी है। इससे डिवाइडर पार करने वाले लोगों के लिए हादसे का खतरा भी बना रहता है। इसी रोड पर अनाजमंडी व सब्जी मंडी के अलावा गीता ज्ञान संस्थान भी स्थित है। पवित्र ब्रह्मसरोवर तट पर पिपली-थर्ड गेट रोड के अलावा वीआईपी रोड ही सबसे सुगम है। इस सड़क से हर रोज हजारों वाहन गुजरते हैं। इसके अलावा भारी वाहनों की भी आवाजाही दिन भर इसी रोड से होती है। वहीं ब्रह्मसरोवर तट के चारों ओर लगीं 100 से ज्यादा ग्रिल चोरी हो चुकी है। विभाग के साथ लोगों ने प्रशासन से इस मामले में कार्रवाई की मांग की है।
पीडब्ल्यूडी विभाग के एक्सईएन राजकुमार का कहना है कि वीआईपी रोड के डिवाइडर से लगातार ग्रिल चोरी हो रही है। यह मामला उनके संज्ञान में हैं। उन्होंने कईं बार पुलिस को शिकायत भी दी, लेकिन अभी तक किसी आरोपी को पकड़ा नहीं जा सका।