संवाद न्यूज एजेंसी
करनाल। सीबीआई अधिकारी बनकर एक व्यक्ति से 99999 रुपये ठग लिए। आरोपी ने पीड़ित को मनी लॉन्ड्रिंग में नाम आने की बात कहकर पहले डराया फिर जांच करने के नाम पर 99999 रुपये ट्रांसफर करा लिए। फिलहाल साइबर थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में संयम जैन ने बताया कि 31 मार्च को 11 बजे उसके पास एक व्यक्ति का फोन आया। जिसने खुद को मुंबई पुलिस स्टेशन का अधिकारी बताया और आरोप लगाए कि मनी लॉन्ड्रिंग मामले में संदिग्धों में उसका नाम है। उन्होंने बताया कि मेरा आधार कार्ड जो दो साल पहले खो गया था। उस आधार कार्ड पर एक मोबाइल नंबर खरीदा गया है और केनरा बैंक में खाता खुलवाया गया है।
इससे अलग उस नंबर से उत्पीड़न संदेश व अवैध विज्ञापन भी भेजे गए हैं व अवैध लेनदेन किया है। इसके बाद उसकी कॉल सीबीआई अधिकारी का नाम कहकर ट्रांसफर कर दी गई। उस दौरान फोन पर जिस व्यक्ति ने बात की उसने सीबीआई अधिकारी बनकर कहा कि जांच में सहयोग करें। उन्होंने एक बैंक खाते में रुपये ट्रांसफर करने को कहा कि सीरियल नंबर की जांच की जाएगी। सब कुछ ठीक रहा तो रुपये वापस आ जाएंगे। यदि सहयोग नहीं किया तो 14 साल के लिए गिरफ्तार किया जाएगा। इसके बाद उसने 99999 रुपये ट्रांसफर किए तो रुपये वापस नहीं आए। तब उसे बता चला कि उसके साथ धोखाधड़ी हुई है।