करनाल। टोक्यो ओलंपिक खेलों में स्वर्ण पदक जीतकर देश का मान बढ़ाने वाले नीरज चोपड़ा के नाम पर एथलेटिक्स फेडरेशन ऑफ हरियाणा की पहल पर करनाल के कर्ण स्टेडियम में शुरू हुई दो दिवसीय प्रदेश स्तरीय पहली नीरज चोपड़ा हरियाणा राज्य जेवेलिन थ्रो प्रतियोगिता का आगाज हुआ। पहले दिन आयोजित हुए थ्रो इवेंट के क्वालीफाइंग राउंड में 163 एथलीट ने पूरे उत्साह के साथ हिस्सा लिया।
एथलेटिक्स हरियाणा के मीडिया प्रभारी सत्यवीर धनखड़ ने बताया कर्णनगरी में आयोजित होने वाली दो दिवसीय पहली नीरज चोपड़ा जेवेलिन थ्रो प्रतियोगिता का शुभारंभ शनिवार को बड़ी धूमधाम के साथ किया गया पहले ही दिन प्रदेश भर से पहुंचे थ्रो इवेंट के 163 एथलीटों की संख्या देख कर लगा मानों हर खिलाड़ी नीरज चोपड़ा की तरह ही देश के लिए स्वर्ण लाने को बेकरार हैं।
एथलेटिक्स हरियाणा के महासचिव राजकुमार मिटान ने बताया कि कर्ण स्टेडियम करनाल में आयोजित हो रही चैंपियनशिप का आयोजन नीरज चोपड़ा खंडरा निवासी (पानीपत) द्वारा टोक्यो (जापान) ओलंपिक में सात अगस्त को स्वर्ण पदक जीतने के उपलक्ष्य में किया जा रहा है। महासचिव ने बताया कि प्रतियोगिता में तीन आयु वर्ग 14, 16 और 18 की प्रतियोगिता होगी। वही प्रत्येक आयु वर्ग से 12-12 खिलाड़ियों का चयन किया गया हैं, यह सभी खिलाड़ी रविवार को होने वाले फाइनल मुकाबलों में हिस्सा लेंगे। वही प्रतियोगिता को सफल बनाने में एथलेटिक कोच सतीश पंघाल, ऋषि कुमार, सीनियर एथलीट सतीश कुमार आदि लोग मौजूद रहे।
बाक्स
फाइनल के लिए इन खिलाड़ियों ने बनाई जगह
प्रतियोगिता के दौरान 14 वर्ष पुुरुष वर्ग के क्वालिफाई राउंड में विकास करनाल ने पहला, ओम बत्तन करनाल ने दूसरा, विनय पानीपत ने तीसरा, प्रिंस जटवाल रोहतक ने चौथा, नैतिक अहलावत रोहतक ने पांचवां, गुलशन महेंदरगढ ने छठा, दक्ष गर्तन पानीपत ने सातवां, मोक्ष शर्मा भिवानी ने आठवां, मनीष झज्झर ने नौवां, रितेश पानीपत ने दसवां, राघव सैनी करनाल ने ग्यारहवां और राहुल भिवानी ने बारहवां स्थान प्राप्त कर रविवार को होने वाले फाइनल में खेलने के लिए जगह सुनिश्चित की।
16 वर्ष आयु वर्ग में सागर पानीपत ने पहला, आर्यन झज्झर ने दूसरा, आदित्य जींद ने तीसरा, शुभम सोनीपत ने चौथा, नितिन पानीपत ने पांचवां, युवराज अंबाला ने छठा, दीक्षित मेहला पानीपत ने सातवां, अभय भिवानी ने आठवां, दीपांशु कुमार ने नौंवा, गुरमीत कौर करनाल ने दसवां, हिमांशु झज्झर ने ग्यारहवाँ और भवेश शर्मा भिवानी ने बारहवां स्थान प्राप्त कर फाइनल में अपना-अपना स्थान पक्का किया।
18 वर्ष आयु वर्ग में यश हिसार ने पहला, रनविजय भिवानी ने दूसरा, पंकज तवंर भिवानी ने तीसरा, युद्ववीर भिवानी ने चौथा, अमन भिवानी ने पांचवां, युवराज पानीपत ने छठा, नसीब झज्झर ने सातवां, हिमांशु भिवानी ने आठवां, परिक्षत कुरुक्षेत्र ने नौंवा, रोहित जींद ने दसवां, सागर परमार भिवानी ने ग्यारहवां, विशाल कुमार सोनीपत ने बारहवां स्थान प्राप्त कर फाइनल में अपना-अपना स्थान पक्का किया। ब्यूरो