संवाद न्यूज एजेंसी
करनाल। सदर बाजार निवासी युवक को क्रेडिट कार्ड बनवाने का झांसा देकर 73 हजार रुपये ठग लिए। ऑनलाइन ठगी के बारे में पता चलने पर युवक ने आरोपी के खिलाफ शिकायत दी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
अरुण कुमार ने सिटी थाने में दी शिकायत में पुलिस को बताया कि वह कंट्री डिलाइट में नौकरी करता है। बुधवार शाम वह महाराणा प्रताप चौक स्थित कार्यालय में कार्य कर रहा था। इसी दौरान अज्ञात नंबर से कॉल आया। कॉल करने वाले ने कहा कि वह आईसीआई बैंक से बोल रहा है। उसके बाद आरोपी ने क्रेडिट कार्ड बनवाने की बात कही। युवक आरोपी के झांसे में आ गया। बाद में आरोपी ने युवक के नंबर पर लिंक भेजा और ओपन करने को कहा। जिसके बाद युवक ने लिंक पर दिए गए फॉर्म में सभी औपचारिकता पूरी कर दी। उसके बाद तीन बार में युवक के खाते से 73572 रुपए की रकम काट ली। धोखाधड़ी होने पर युवक ने बैंक में अधिकारियों से संपर्क किया मगर संतोषजनक जवाब नहीं मिल सका।