करनाल/निसिंग। दिल्ली पुलिस में सिपाही लगवाने के नाम पर बुजुर्ग से 1.10 लाख रुपये की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। आरोपियों ने दिल्ली के एक आईएएस अधिकारी को अपना दोस्त बताकर धोखाधड़ी की। निसिंग थाना पुलिस ने एसपी के आदेश पर पानीपत के दो आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया है। आरोप है कि मामले की शिकायत पीड़ित ने पहले निसिंग थाना में भी दी थी। तब पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। एसपी को दी शिकायत में डाचर गांव निवासी गोविंद ने बताया कि उनके पिता के पास पानीपत निवासी काला अपने साथी अतर सिंह के पास आया और कहने लगे कि उन्हें जमीन खरीदनी है। इस दौरान जान-पहचान बनने के बाद अतर सिंह ने बताया कि एक आईएएस अधिकारी मुकेश चक्रवेदी उनका दोस्त है। उसके माध्यम से वे उनके बेटे को दिल्ली पुलिस में सिपाही की नौकरी पर लगवा देंगे। इसके लिए उन्होंने कुल छह लाख रुपये में बात तय की। इस पर पिता ने इतनी रकम न होने पर असहमति जताई तो आरोपियों ने थोड़ी-थोड़ी राशि देने के लिए कहा। बाद में आरोपियों ने मुकेश चक्रवेदी के बैंक खाते में उनसे 1.10 लाख रुपये डलवा लिए। ब्यूरो