- चंडीगढ़ से किया था गिरफ्तार, परिजनों पर हाथापाई कर आरोपी को भगाने का आरोप
- आरोपी के दस्तावेज लेने के लिए उसे करनाल लाई थी पुलिस
संवाद न्यूज एजेंसी
करनाल। सेक्टर-7 चौक पर केरल पुलिस की गिरफ्त से धोखाधड़ी का एक आरोपी फरार हो गया है। केरल पुलिस ने आरोपी को चंडीगढ़ से पकड़ा था। उसके दस्तावेज लेने के लिए पुलिस उसे करनाल लेकर आई थी। आरोपी के परिजनों पर हाथापाई कर उसे भगाने के आरोप हैं। केरल पुलिस की शिकायत पर सेक्टर-32 थाना पुलिस ने आरोपी व उसके परिजनों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
केरल पुलिस के निरीक्षक विपिन दास ने बताया कि करनाल शहर के हांसी रोड निवासी आरोपी हितेश के खिलाफ 2020 में केरल के बिनानीपुरम थाना में धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया गया था। इस मामले में केरल पुलिस ने आरोपी हितेश को चंडीगढ़ से गिरफ्तार किया। इसके बाद आरोपी के दस्तावेज लेने के लिए वह पुलिस उसे एक प्राइवेट गाड़ी में बैठाकर करनाल लेकर आई थी। सेक्टर-7 चौक पर उन्होंने आरोपी के परिजनों को दस्तावेजों के साथ बुलाया था। इस दौरान केरल पुलिस के तीन अधिकारी वहां मौजूद थे।
पुलिस के अनुसार आरोपी के परिजन सेक्टर-7 चौक पर पहुंचे और दस्तावेज देने के बहाने उनके साथ हाथापाई शुरू कर दी। इसके बाद हितेश को लेकर फरार हो गए। उन्होंने उनका पीछा भी किया लेकिन पकड़ नहीं पाए।
वर्जन
केरल पुलिस के निरीक्षक विपिन दास की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपी के परिजनों से पूछताछ की जा रही है। जल्द आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
- राजपाल, सेक्टर-32 थाना प्रभारी