संवाद न्यूज एजेंसी
करनाल। जिला पुलिस की एंटी कैटल थेफ्ट टीम ने लूट, छीनाझपटी व चोरी की 33 वारदातों को अंजाम देने वाले चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों से दो अवैध देसी पिस्तौल व पांच कारतूस बरामद किए हैं।
एंटी कैटल थेफ्ट टीम के इंचार्ज एएसआई प्रवीण कुमार ने बताया कि टीम ने 23 सितंबर की रात अटल पार्क के अंदर बने शेड के नीचे से चार आरोपियों रोहन व मनीष वासी गढ़ी दौलत थाना कांधला, जिला शामली, अभिषेक व रमन वासी गांव रावर थाना मधुबन को दो अवैध देसी पिस्तौल 315 बोर व पांच कारतूस सहित गिरफ्तार किया था। आरोपियों को पांच दिन के रिमांड पर लिया गया था। आरोपियों से पूछताछ में इन वारदातों का खुलासा हुआ।
गैंग के साथ मिलकर की वारदातें
टीम के इंचार्ज एएसआई प्रवीण कुमार ने बताया कि रिमांड के दौरान आरोपियों नेे खुलासा किया कि वे आदतन अपराधी हैं। आरोपियों द्वारा अपनी गैंग के अन्य सदस्यों के साथ मिलकर 2020 से 2022 के दौरान करनाल के विभिन्न थाना क्षेत्रों से लूट, स्नैचिंग, छीनाझपटी व गृहभेदन की कुल 33 वारदातों को अंजाम दिया गया था। जिसमें थाना 32/33 एरिया से तीन, थाना घरौंडा एरिया से 16, थाना शहर एरिया से एक, थाना मधुबन एरिया से छह, थाना कुंजपुरा एरिया से दो, थाना सदर करनाल एरिया से चार व थाना मूनक एरिया से एक वारदात को अंजाम देना शामिल है।