कुंजपुरा क्षेत्र के गांव नेवल के पास नहर से पुलिस को एक महिला का शव मिला है। जिसकी शिनाख्त यमुनानगर वासी विनोद कुमारी के रूप में हुई है। बता दें कि कई दिन पूर्व यमुनानगर में बहन और भांजी को नहर में धक्का देकर मारने वाले मामले में महिला का शव पुलिस को बरामद हो गया है। पुलिस ने परिजनों को बुलाकर शिनाख्त कर शव का पोस्टमार्टम करा दिया है। जगाधरी निवासी राजन ने बताया कि उसके मामा सुनील किसी ज्योतिष बाबा के पास गए थे। वह वहां से भभूती की चार पूड़िया लेकर आए थे। उसके मामा उसके पापा जीवन लाल, माता विनोद कुमारी, बहन नेहा और उसे यमुनानगर पांजीपुर नहर पर ले गए थे, जहां उन्होंने उसके परिवार के सभी सदस्यों को नहर के किनारे खड़ा कर दिया था। इसके बाद उसके मामा ने कहा कि मै मंत्र उच्चारण करूंगा तो यह भभूती नहर में डाल देना। इसके बाद उसके मामा सुनील ने उसकी मां विनोद कुमारी और बहन नेहा को नहर में धक्का दे दिया। मंगलवार को नेवल गांव के पास से उसकी माता विनोद कुमारी का शव मिला है। जबकि उसकी बहन की तलाश में पुलिस जुटी हुई है। पुलिस ने महिला के शव का पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया है।