घरौंडा। मलिकपुर में भाइयों के बीच चल रहे विवाद में पूर्व सरपंच बहादुर सिंह ने पुलिस पर एकतरफा कार्रवाई करने का आरोप लगाया है। आरोप ये भी है कि जबरन उनकी जमीन पर उनके भाई को कब्जा दिलवा दिया गया है। गांव मलिकपुर निवासी पूर्व सरपंच बहादुर सिंह और उनके भाई जसविंदर सिंह (एनआरआई) के बीच गांव मलिकपुर की सीमा में स्थित सवा तीन-तीन एकड़ कृषि भूमि को लेकर विवाद चल रहा है। दोनों भाइयों के नाम पर बराबर की जमीन दर्ज है, लेकिन जब हाल में सरकारी अधिकारियों की मौजूदगी में निशानदेही करवाई गई, तो बहादुर सिंह के हिस्से की करीब डेढ़ एकड़ जमीन कम पाई गई। बहादुर सिंह ने कहा कि उन्होंने पुलिस प्रशासन को कई बार शिकायत दी, लेकिन संज्ञान नहीं लिया गया। डीएसपी मनोज कुमार ने बताया कि मलिकपुर में भूमि विवाद को लेकर दोनों पक्षों की ओर से शिकायतें मिली थीं। प्रशासन ने राजस्व टीम की मौजूदगी में जमीन की निशानदेही करवाई गई और जिस व्यक्ति के नाम पर जमीन दर्ज थी, उसे कब्जा दिलाया गया है। किसी भी प्रकार की पक्षपातपूर्ण कार्रवाई नहीं की गई है। संवाद