माई सिटी रिपोर्टर
करनाल। हरियाणा राज्य बाल संरक्षण आयोग की टीम ने पाढ़ा गांव के दो स्कूलों का निरीक्षण किया। इस दौरान राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में पंखे खराब मिले जबकि आर्य कन्या गुरुकुल वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में सरकार की ओर से निर्धारित जरूरी हेल्पलाइन नंबर और सुझाव पेटी गायब थी। ऐसे में दोनों स्कूलों को टीम ने नोटिस देते हुए सुधार के निर्देश दिए। राजकीय स्कूल ने तुरंत इलेक्ट्रिशियन बुलाकर पंखे भी दुरुस्त कराए गए।
आयोग की सदस्य मीना कुमारी द्वारा मंगलवार को जिला करनाल के राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय और आर्य कन्या गुरुकुल वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय पाढा का औचक निरीक्षण किया गया। इस दौरान जिला शिक्षा अधिकारी सुदेश, बाल कल्याण समिति के सदस्य चंद्र प्रकाश और जिला बाल संरक्षण अधिकारी रीना रानी भी शामिल रही।
सदस्य मीना कुमारी ने बताया कि निरीक्षण के दौरान स्कूल के अंदर चाइल्ड हेल्पलाइन, पुलिस हेल्पलाइन, दुर्घटना हेल्पलाइन, बाल कल्याण समिति व बाल अधिकार संरक्षण आयोग इत्यादि के नंबर प्रदर्शित करवाने के निर्देश दिए। वाहन पॉलिसी के तहत स्कूल बसों की और सभी दस्तावेजों जैसे ड्राइविंग लाइसेंस, बसों का फिटनेस सर्टिफिकेट इत्यादि की चेकिंग की गई जो कि सही पाए गए। पूर्ण स्टाफ और ड्राइवरों की पुलिस वेरिफिकेशन करवाने के निर्देश दिए गए।
पीटीएम में अभिभावकों को करेंगे जागरूक
आयोग की सदस्य ने स्कूल प्रबंधन को सुझाव दिए गए कि पीटीएम के माध्यम से बच्चों के अभिभावकों को भी बच्चों की सुरक्षा के लिए बनाए गए कानूनों के बारे जागरूक करें। आयोग की ओर से स्कूल प्रशासन को सख्त निर्देश जारी किये गये कि वे समय-समय पर माननीय उच्चतम न्यायालय, बाल संरक्षण आयोग, शिक्षा विभाग इत्यादि की ओर से बच्चों की सुरक्षा को मद्देनजर रखते हुए जो भी निर्देश दिये जाते हैं उनके पालन की एक प्रति बाल कल्याण समिति और आयोग को भेजना सुनिश्चित करें।
नैनीताल मार्ग में पलटी कार- फोटो : नैनीताल मार्ग में पलटी कार