संवाद न्यूज एजेंसी
करनाल। शहर में चोरों ने सेक्टर-13 में आढ़ती के मकान को निशाना बनाया। दीवार फांदकर मकान में घुसे चोरों ने अलमारी को खंगालते हुए दो लाख रुपये की नकदी और सोने चांदी जेवरात समेत पचास लाख का सामान चोरी कर ले गए। शनिवार को परिवार के लौटने पर घटना की जानकारी हुई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामले की जानकारी ली।
सेक्टर-13 निवासी भारत सचदेवा अनाज मंडी में आढ़ती है। आढ़ती परिवार के साथ पांच दिन रिश्तेदारी में मौत होने पर पथौडगंज में गए थे। इसी दौरान चोरों ने आढ़ती के बंद मकान को निशाना बनाया। दीवार फांदकर अंदर घुसे चोरों ने मकान को खंगाला। मकान के अंदर अलमारी से दो लाख रुपये की नकदी और सोने चांदी के जेवरात समेत पचास लाख रुपये का सामान समेट ले गए। डायमंड, ब्रांडेड घड़ी, कीमती कपड़े, मंदिर में रखा चांदी का सामान भी चोरी कर ले गए।
शनिवार सुबह को जब परिवार वापस लौटा तो गेट के ताले टूटे मिले। मकान के अंदर अलमारी में सामान बिखरा हुआ था। सोने-चांदी के जेवरात और नकदी गायब मिली। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामले की जानकारी ली। मौके पर फिंगर प्रिंट्स एक्सपर्ट की टीम ने पहुंचकर साक्ष्य जुटाए। हालांकि पुलिस को चोरों का कोई सुराग तक नहीं मिला। मकान के अंदर कुछ गिलास रखे हुए मिले। जिससे माना जा रहा है कि पहले बदमाशों ने मकान में बैठकर शराब पी है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
आढ़ती के मकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में फुटेज खंगाली जा रही है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस चोरों का हुलिया तलाश करने में जुटी है। बदमाश वारदात को अंजाम देकर आसानी से फरार हो गए, लेकिन पुलिस को बदमाशों का कोई सुराग तक नहीं मिल सका।
पुलिस को चुनौती दे रहे चोर
चोर खुलेआम वारदात को अंजाम दे रहे है।चोर लघु सचिवालय के सरल केंद्र से लाखों रुपये की नकदी चोरी कर ले गए थे। उसके बाद सेक्टर-छह में भी कारोबारी के मकान से सोने-चांदी के जेवरात और करीब चार लाख रुपये चोर ले गए थे। अब आढ़ती के मकान में चोरी की बड़ी वारदात हुई है। पुलिस चोरों का सुराग तक नहीं लगा सकी।
आढ़ती के मकान में चोरी का मामला सामने आया है। मामले की जांच की जा रही है। जल्द ही सुराग लगाकर चोरों को गिरफ्तार किया जाएगा। - ललित कुमार, थाना प्रभारी सिविल लाइन