कोर्ट परिसर में आग लगने पर पहुंची फायर बिग्रेड।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
हरियाणा के करनाल में जिला एवं सत्र न्यायालय के सीसीटीवी रूम में अचानक आग लग गई। आग लगने से अफरा तफरी मच गई। सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड की तीन गाड़ियां मौके पर पहुंच गई और आग पर काबू पाया।
मिली जानकारी के अनुसार सोमवार को दोपहर करीब 3:30 बजे अचानक करनाल कोर्ट के सीसीटीवी रूम में आग लग गई। कोर्ट रूम में धुंआ ही धुंआ नजर आने लगा। आग को देख कोर्ट में मौजूद लोगों ने बाहर की तरफ भागना शुरू कर दिया। कोर्ट में तारीख पर आए सतीश नामक व्यक्ति ने बताया कि वह कोर्ट में तारीख पर आया हुआ था।
अचानक नीचे से धुंआ आना शुरू हो गया। इसी दौरान लाइट भी चली गई। बिजली जाने के बाद सभी लोग नीचे आ गए। अभी सभी की एंट्री बंद कर दी गई है। कोर्ट काॅम्प्लेक्स के अंदर सीसीटीवी रूम में आग की सूचना के बाद फायर ब्रिगेड की गाड़ियों के सायरन गूंज उठे और तीन गाड़ियां मौके पर पहुंच गई।
शॉर्ट सर्किट के कारण लगी आग
बताया जा रहा है कि सीसीटीवी रूम में शॉर्ट सर्किट हुआ था और उसी कारण आग लगी थी। इस दौरान पास में ही बने रिकॉर्ड रूम में कुछ फाइलें जलने की जानकारी मिली है। रूम में मौजूद कर्मचारियों ने सामान को बाहर निकाल लिया और आग पर काबू पाने का प्रयास किया। फायर ब्रिगेड की गाड़ियों ने पहुंचकर आग पर काबू पाया है।
मौके पर पहुंचे प्रशासनिक अधिकारी
कोर्ट में आग लगने की सूचना मिलते ही करनाल एएसपी पुष्पा खत्री सहित प्रशासनिक अधिकारी व भारी संख्या में पुलिस कोर्ट में पहुंची। मौके पर मुआयना किया। इस दौरान कोर्ट में आम जन की एंट्री बिल्कुल बंद कर दी गई हालांकि नुकसान क्या हुआ इसकी पुष्टि अब तक पुलिस ने नहीं दी है।