अवैध कॉलोनी काटने के मामले में काछवा गांव के सरपंच का नाम सामने आया है। दुर्गा कॉलोनी के समीप डीटीपी द्वारा चार एकड़ में बन रही अवैध कॉलोनी पर पीला पंजा चलाया गया था। मामले में डीटीपी द्वारा 21 जनवरी को सेक्टर-32, 33 थाना पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। अभी तक गिरफ्तारी नहीं हुई है। हालांकि काछवा सरपंच अजय कुमार का कहना है कि उन्होंने वह जमीन बेच दी थी उन्होंने कॉलोनी नहीं काटी है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच चल रही है। यदि उस अवैध कॉलोनी की बात करें तो वहां के लोगों का कहना है कि इस चार एकड़ में कट रही अवैैध कॉलोनी के करीब 60 प्रतिशत प्लाट बिक चुके हैं, इस कॉलोनी का कार्य पिछले 5 महीने से चल रहा है। कुछ दिन पहले डीटीपी ने पुलिस बल के साथ दुर्गा कॉलोनी के समीप चार एकड़ में कट रही कॉलोनी पर कार्रवाई की थी। इस कॉलोनी में कॉलोनाइजर ने रास्ता बनाया था। जिसे डीटीपी ने जेसीबी से बीच से खोद दिया था और अजय कुमार निवासी काछवा के खिलाफ सेक्टर-32, 333 थाना में केस दर्ज कर दिया था। अजय कुमार गांव काछवा का सरपंच है। सेक्टर-32, 33 थाना प्रभारी कंवर सिंह ने बताया कि अजय कुमार निवासी काछवा के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। मामले की जांच की जा रही है। जल्द गिरफ्तार भी कर लिया जाएगा।