माई सिटी रिपोर्टर
करनाल। इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय से कोर्स करने वाले विद्यार्थियों का दिसंबर टीईई (टर्म एडं एग्जाम) फार्म भरना अनिवार्य है। जिसकी अंतिम तिथि 31 अक्तूबर है। ऐसे में जिस विद्यार्थी ने अभी तक ये फार्म नहीं भरा है वे शीघ्र इग्नू की वेबसाइट पर जाकर फार्म भरें। अन्यथा उन्हें 1100 रुपये विलंब शुल्क का भी भुगतान करना होगा।
इग्नू ने दिसंबर टीईई के लिए परीक्षा फॉर्म 30 सितंबर को संस्थान की आधिकारिक वेबसाइट ignou.ac.in पर जारी किए थे। इस दौरान विद्यार्थियों को फार्म भरने के लिए एक माह का समय दिया गया था। दिसंबर 2022 टर्म-एंड परीक्षा के लिए आवेदन शुल्क दो सौ रुपये प्रति कोर्स है। इग्नू दिसंबर 2022 टीईई परीक्षा दो दिसंबर से शुरू होने वाली है। फार्म भरने के बाद शुल्क का भुगतान क्रेडिट कार्ड, डेबिट कार्ड या नेट बैंकिंग के माध्यम से ऑनलाइन किया जा सकता है। इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय उम्मीदवारों को विभिन्न प्रकार के डिप्लोमा, प्रमाण पत्र और व्यावसायिक प्रशिक्षण के साथ यूजी, पीजी और अनुसंधान स्तर के विभिन्न कार्यक्रमों में प्रवेश देता है।
दो दिसंबर से शुरू होंगी परीक्षाएं
इग्नू के क्षेत्रीय निदेशक डॉ. धर्मपाल ने बताया कि दिसंबर टीईई दो दिसंबर से शुरू होंगी। जोकि पांच जनवरी 2023 तक चलेंगी। परीक्षा दो पालियों में आयोजित की जाएगी। सुबह की शिफ्ट 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक और दूसरी शिफ्ट दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक होगी। यह एक संभावित डेट शीट है।