- बाहरी गन्ना मिल में आने से भड़के, आधा घंटा बंद रहा मिल
- कैन प्रबंधक के आश्वासन पर माने किसान
संवाद न्यूज एजेंसी
इंद्री। पिकाडली शुगर मिल भादसों में बाहरी क्षेत्र के गन्ने की आवक से गुस्साए किसानों ने शनिवार को शुगर मिल का कांटा बंद कर दिया। करीब डेढ़ घंटे तक कांटा बंद रहने के कारण आधे घंटे के लिए मिल बंद हो गया। काफी समय बाद मिल प्रबंधन द्वारा बाहरी क्षेत्र के गन्ने पर प्रतिबंध लगाने की बात कह किसानों ने कांटा खोला।
गन्ना संघर्ष समिति के प्रधान एवं भाकियू नेता रामपाल चहल ने बताया कि पिकाडली शुगर मिल में लगातार बाहरी क्षेत्र का गन्ना पहुंच रहा था। उन्होंने कई बार मिल अधिकारियों से बाहरी क्षेत्र के गन्ने पर प्रतिबंध लगाने की मांग की थी, लेकिन मिल प्रबंधन ने प्रतिबंध नहीं लगाया। शनिवार को भी किसानों को सूचना मिली थी कि मिल में बाहरी क्षेत्र का गन्ना आया है। जिसके बाद उन्होंने मिल में पहुंचकर अधिकारियों से बात की, लेकिन अधिकारियों ने नहीं सुनी। जिसके बाद किसानों ने तोल कांटा बंद कर दिया। मिल बंद होने पर केन मैनेजर कर्म सिंह सहित अन्य अधिकारी ने किसानों की मांग मानते हुए बाहरी क्षेत्र के गन्ने की फसल पर प्रतिबंध लगा दिया।