निसिंग। गांव बालू में रविवार सुबह धान में उर्वरक डालते समय अचानक किसान के सीने में दर्द होने से उसकी तबियत बिगड़ गई और उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हाउस करनाल में रखवा दिया है। गांव बालू निवासी करीब 54 वर्षीय शिव गांव के ही राजपाल सिंह की जमीन में खेती करता है। वह सुबह करीब साढ़े आठ बजे धान में खाद डाल रहा था। उसके साथ जिलेराम भी खेत में खाद डाल रहा था। कुछ देर बाद अचानक शिवकुमार सीने में दर्द की बात कहते हुए ट्यूबवेल पर पानी पीने चला गया तो दीवार के सहारे अचेत अवस्था में बैठा मिला। जिसे कल्पना चावला मेडिकल कालेज करनाल ले जाया गया जहां जांच के बाद चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। निसिंग थाना प्रभारी ऋषिपाल ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। संवाद