सोमवार शाम इंद्री अनाज मंडी में एक किसान की ट्राली से धान का कट्टा फटने पर किसान व मजदूर के बीच हुई मामूली कहासुनी के बाद किसान ने साथियों सहित मजदूर पर पिस्तौल तान दी। जिसके विरोध में मंडी मजदूर काम बंद कर हड़ताल पर चले गए। सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन मौके पर पहुंचा और स्थिति को संभालने की कोशिश शुरू की। मजदूर के अनुसार मंडी में आए एक किसान की ट्रॉली से धान का कट्टा फट गया। जिस कारण किसान की मजदूर गणेश से मामूली कहासुनी हो गई। आरोप है कि इसके बाद किसान अपने साथ करीब 10 व्यक्तियों को लेकर आया और लाठी-डंडों से हमला कर दिया। इसी दौरान किसान ने पिस्तौल तान दी। मजदूरों के एकजुट होने के कारण आरोपी भाग गए। इसके बाद भड़के मजदूरों ने काम बंद कर दिया। इंद्री थाना प्रभारी दल बल सहित मौके पर पहुंचे और मजदूरों को आरोपियों पर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया जिसके बाद मजदूर हड़ताल खत्म कर काम पर लौटे। इंद्री थाना प्रभारी सतपाल सिंह का कहना है कि मंडी में एक किसान और मजदूर का झगड़ा होने की सूचना मिली है। अभी किसी की तरफ से शिकायत नहीं आई है। शिकायत मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।