संवाद न्यूज एजेंसी
करनाल। अशोक नगर में लव मैरिज के करीब डेढ़ साल बाद युवक द्वारा आत्महत्या करने के मामले में मृतक की पत्नी की गिरफ्तारी की मांग को लेकर बुधवार को परिजनों ने अस्पताल चौक पर जाम लगाकर हंगामा किया। मुख्य मार्ग पर जाम लगने से दोनों ओर वाहनों की कतारें लग गई। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंच गई और परिजनों को समझाकर जाम खुलवाने का प्रयास किया, लेकिन वे नहीं माने। बाद में पुलिस ने बताया कि मृतक की पत्नी और ससुर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। आरोपियों को शीघ्र गिरफ्तार किया जाएगा। इसके लगभग आधे घंटे बाद जाम खोल दिया। फिर परिजन पोस्टमार्टम हाउस से शव अंतिम संस्कार के लिए ले गए।
शादी के बाद होने लगा था झगड़ा
परिजनों ने बताया कि सोमवार को उनकी बहू चली गई और मंगलवार को कमलदीप ने आत्महत्या कर ली। करीब डेढ़ साल से ही दोनों के बीच झगड़ा होता रहता था। उन्होंने कहा कि जब तक आरोपी बहू की गिरफ्तारी नहीं होगी तब तक वे सड़क पर बैठी रहेंगे।
यह था मामला
अशोक नगर निवासी कमलदीप ने प्रेम विवाह के डेढ़ साल बाद मंगलवार को घर में पंखे से फंदा लगाकर जान दे दी थी। उसने एक सुसाइड नोट छोड़ा था। जिसमें उसने अपनी पत्नी को मौत का जिम्मेदार ठहराया। परिजनों का आरोप है कि उनकी बहू घर से सोने-चांदी के जेवरात व अन्य सामान बैग में भरकर कमलदीप की मौत से एक दिन पहले फरार हो गई थी।
परिजनों ने करीब आधे घंटे तक अस्पताल चौक पर जाम लगाया। परिजनों ने आरोपी पत्नी की गिरफ्तारी की मांग की है। पुलिस ने आश्वासन देकर जाम खुलवा दिया है। परिजनों की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। वहीं शव का पोस्टमार्टम करा परिजनों को सौंप दिया है।
- कमलदीप राणा, सिटी थाना प्रभारी