बेटे को यूएसए भेजने के नाम पर गूंदियानी निवासी हाकम सिंह से तीन लोगों ने 12 लाख रुपये ठग लिए। रुपये लेने के बाद आरोपियों ने उसे फर्जी टिकट व वीजा थमा दिया। पता चलने पर जब उसने आरोपियों से बातचीत की तो उन्होंने उसे धमकाया। छप्पर पुलिस ने मामले में हाकम सिंह की शिकायत पर अंबाला के होली निवासी अंकित, रणबीर व शाहपुर निवासी जसविंद्र सिंह के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। गूंदियानी निवासी हाकम सिंह ने छप्पर पुलिस को दी शिकायत में बताया कि होली निवासी रणबीर की साली की शादी उनके गांव गूंदियानी में हुई है। जिस वजह से उसका उनके गांव में आना जाना है। इसके चलते ही उसकी आरोपी रणबीर से भी जान पहचान है। हाकम ने बताया कि उसका बेटा विदेश जाना चाहता था। इसके लिए उसने रणबीर सिंह से बात की तो उसने यूएसए भिजवाने का आश्वासन दिया। इसके लिए जसविंद्र सिंह से मिलवाया। आरोपियों ने कहा कि वह काफी लोगों को वैध तरीके से विदेश भिजवा चुके हैं। आरोपियों ने उसके बेटे को यूएसए भेजने के लिए 25 लाख रुपये की मांग की। आरोपियों ने कहा कि पहले 12 लाख रुपये देने होंगे, बाकी विदेश जाने के बाद। आरोपियों की बातों में आकर वह अपने बेटे को यूएसए भेजने के लिए रुपये देने को तैयार हो गया। उन्होंने अलग-अलग कर आरोपियों को 12 लाख रुपये और बेटे के दस्तावेज दे दिए। काफी समय बीतने के बाद भी जब कोई प्रक्रिया नहीं चली तो उसने आरोपियों से बात की। जिस पर आरोपियों ने उसे संयुक्त अरब अमीरात का वीजा दे दिया। इस बारे में बात की तो आरोपियों ने कहा कि पहले संयुक्त अरब अमीरात जाना होगा। उनकी बातों से शक होने लगा। उन्होंने जांच कराई तो पता लगा कि उन्हें दिए गए वीजा व टिकट फर्जी थे। आरोपियों से पैसा वापस मांगा, लेकिन उन्होंने पैसा वापस नहीं किया। उसने इसकी शिकायत पुलिस को दी। पुलिस ने मामले में तीनों आरोपियों पर केस दर्ज कर लिया है।