माई सिटी रिपोर्टर
करनाल। जिला बार एसोसिएशन करनाल का चुनावी शेड्यूल जारी कर दिया गया है। प्रधान समेत पांच पदाधिकारियों के चयन के लिए मतदान 16 दिसंबर को होगा। चुनाव के लिए नियुक्त किए गए आरओ दविंद्र सिंह मान, एआरओ गगन सहगल, एआरओ राकेश शर्मा, एआरओ नरिंद्र व एआरओ महिंद्र सिंह राणा ने चुनाव संबंधी जानकारियां दी। चुनाव अधिकारियों ने कहा कि छह दिसंबर से नामांकन प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। छह और सात दिसंबर सुबह 10 से दोपहर तीन बजे तक उम्मीदवार नामांकन भर सकते हैं। आठ दिसंबर को नामांकन पत्रों की जांच के बाद छंटनी होगी। नौ दिसंबर को नामांकन पत्र वापस लिया जा सकेगा। इसी दिन उम्मीदवारों के नामों की घोषणा कर दी जाएगी। 16 दिसंबर को सुबह नौ से शाम साढ़े चार बजे तक वोट डाले जाएंगे। इसी दिन शाम पांच बजे वोटों की गिनती शुरू होगी और परिणामों की घोषणा कर दी जाएगी। चुनाव अधिकारियों ने बताया कि शांतिपूर्ण चुनाव के लिए उचित व्यवस्था की जाएगी। प्रत्याशियों को मतदाताओं को रिझाने के लिए पार्टी आदि करने की इजाजत नहीं होगी। जिला बार एसोसिएशन के चुनाव में पांच पदाधिकारियों का चयन मतदाता करते हैं, जिनमें प्रधान, उपप्रधान, महासचिव, संयुक्त सचिव व कोषाध्यक्ष का पद शामिल हैं।