स्मार्ट सिटी लिमिटेड की ओर से शहर को खूबसूरत बनाने के तेजी से प्रयास चल रहे हैं। इसके तहत करीब 24.46 लाख रुपये से एक और प्रोजेक्ट शुरू किया जाएगा। जिसमें सेक्टर 12 में एज लैंडस्केप बनाया जाएगा। इसमें लॉन के साथ फीचर लैंडस्केप, नमूना पेड़, घास के टीले, कृत्रिम घास से बने ब्लैकबक (हरियाणा के राज्य पशु) के परिवार की टोपीयारी और प्रकाश व्यवस्था की जाएगी। यहां आई लव करनाल साइनेज भी लगाया जाएगा।
स्मार्ट सिटी की ओर से शहर को विकसित करने के लिए करीब 90 परियोजनाएं संचालित की गई थी, जिसमें अधिकांश योजनाएं तो पूरी हो चुकी हैं, लेकिन अभी कई ऐसी बड़ी परियोजनाएं हैं, जिन पर काम चल रहा है। इनमें से अधिकांश परियोजनाओं को इसी साल के अंत तक पूरा करने का पूरा प्रयास किया जा रहा है। अब इन परियोजनाओं की लिस्ट में एक और प्रोजेक्ट शामिल होने जा रहा है।
डीसी ने किया कार्यस्थल का दौरा
इस प्रोजेक्ट के क्रियान्वयन को लेकर उपायुक्त एवं केएससीएल के सीईओ अनीश यादव ने शाम को कार्यस्थल का दौरा भी किया। उन्होंने बताया कि इस कार्य को पूरा करवाने पर अनुमानित 24 लाख 46 हजार रुपये खर्च होंगे। एज लैंडस्केप का दायरा सेक्टर 12 में स्थापित पेट्रोल पंप से लेकर हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण के कार्यालय तक रहेगा। इस परियोजना के पूरा होने से सेक्टर 12 के सुंदरीकरण में और इजाफा होगा। इस अवसर पर स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के जीएम रमेश मंढान, एक्सईएन सौरभ गोयल, एसडीओ सतीश कंसल, पीएमसी प्रवीन झा तथा लैंडस्केप ऑर्किटेक्ट पूर्णिमा भी मौजूद रहे।