असंध। कुरुक्षेत्र में शनिवार को होने वाली राज्य स्तरीय रविदास जयंती से पहले सरकारी व्यवस्थाओं की पोल खुलती नजर आई। सरकार की ओर से गांव-गांव से लोगों को लाने के लिए लगाई गई झज्जर डिपो की सरकारी बसें असंध पहुंचते ही अव्यवस्थाओं का शिकार हो गईं। बस चालकों का आरोप है कि गांवों के सरपंचों ने न तो फोन उठाए और जिन्होंने उठाया, उन्होंने रहने की कोई व्यवस्था न होने की बात कहकर फोन काट दिया। मजबूर होकर चालक व परिचालक बसों को लेकर असंध नगर सब-डिपो पहुंचे। यहां नगर सब-डिपो इंचार्ज और झज्जर डिपो के चालकों के बीच तीखी बहस हो गई। कुछ समय बाद डिपो इंचार्ज सुरेश राठौर ने जीएम और डीएम से बात कर बसों को डिपो में खड़े करने व स्टाफ के रहने-खाने का इंतजाम कराया। संवाद