संवाद न्यूज एजेंसी
करनाल। शहर के मुख्य आईटीआई चौक पर ट्रैफिक पुलिस कर्मियों की लापरवाही से रोजाना जाम लग रहा है। चौक पर दो पुलिस कर्मचारी तैनात हैं, फिर भी वाहन चालक लाल बत्ती को क्रॉस कर रहे हैं। यही नहीं पांच मिनट के अंतराल में यहां तैनात पुलिस कर्मी ने खुद तीन बार वाहन चालकों के रुकने के सिग्नल के दौरान चलने का इशारा कर लाल बत्ती का नियम तुड़वाया।
आलम यह है कि सुबह के समय जब स्कूल में बच्चों के व कर्मचारियों के दफ्तर जाने का समय होता है तो स्थिति और भी गंभीर हो जाती है। कार्यालय में पहुंचने की जल्दी हो या फिर बच्चों को समय पर स्कूल छोड़ना हो, हर कोई जल्दबाजी के चक्कर में ट्रैफिक के नियमों की धज्जियां उड़ाकर व नियमों को ताक पर रख कर अपनी व दूसरों की जान जोखिम में डालकर ट्रैफिक सिग्नल तोड रहा है।
इस कारण यहां आए दिन दुर्घटना हो रही हैं, करीब तीन माह पहले आईटीआई पर ट्रैफिक सिग्नल तोड़ने पर ट्रक के नीचे स्कूटी आने से युवती की मौत हो गई थी। इस घटना से भी पुलिस प्रशासन ने कोई सबक नहीं लिया, फिर भी रोजाना शहर में ट्रैफिक सिग्नल तोडे़ जा रहे हैं।
ड्यूटी के दौरान मोबाइल पर गेम खेलते हैं पुलिसकर्मी
यहां तैनात पुलिसकर्मी जैसे ही धूप या गर्मी होती है तो वह चंडीगढ़ की तरफ बने बेंच व पुल के नीचे बने बेंच पर बैठकर मोबाइल पर गेम खेलते हैं। यही नहीं, यहां जो भी फेरीवाला आता है तो बीच सड़क पर वाहनों के बीच से निकलने से रोकने की बजाय यह उनसे खुद भी खाने का सामान लेते हैं।
आईटीआई चौक पर मानसून के समय में अक्सर ज्यादा जाम की स्थिति बन जाती है। यहां औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) व अन्य शिक्षण संस्थानों के कारण भी जाम भी ज्यादा आवाजाही रहती है। ऐसे में जल्द ही दूसरे सक्रिय पुलिस कर्मियों को तैनात करके लोगों को जाम की समस्या से निजात दिलाई जाएगी। - सुभाष, डीएसपी, ट्रैफिक पुलिस इंचार्ज